सोनिया गांधी त्याग और समर्पण की मूर्ति, कंगना रनौत की टिप्पणी निंदनीय: गीता भुक्कल
झज्जर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री एवं कांग्रेस नेता गीता भुक्कल ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर उनकी सराहना की है। उन्होंने सोनिया गांधी को त्याग, समर्पण और संघर्ष का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संस्कृति और सभ्यता को अपने जीवन में पूरी तरह आत्मसात किया है। इसके साथ ही भुक्कल ने अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत की ओर से सोनिया गांधी को लेकर की गई कथित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की।
हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने आईएएनएस से कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब के माध्यम से जीवन के संघर्षों, भावनाओं और अनुभवों को बेहद खूबसूरती से शब्दों में पिरोया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद भी इस किताब की कई प्रतियां खरीदी हैं। यह किताब सोनिया गांधी के व्यक्तिगत जीवन, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ बिताए पलों और उनके जीवन में आए उतार-चढ़ाव को समझने का अवसर देती है।
भुक्कल ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा है। देश में कई बड़ी घटनाओं और व्यक्तिगत त्रासदियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने भारत को अपना घर माना और यहां की सभ्यता एवं संस्कृति को अपनाया। उन्होंने किताब में अपने जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों और भावनाओं का उल्लेख किया है। यह किताब केवल इसलिए नहीं पढ़ी जानी चाहिए कि सोनिया गांधी कांग्रेस की नेता हैं बल्कि इसमें उन्होंने अपनी भावनाओं और जीवन के अनुभवों को बहुत अच्छे ढंग से प्रस्तुत किया है।
कंगना रनौत की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी जैसी शख्सियत के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने कंगना की टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की। भुक्कल ने कहा कि कंगना पहले भी किसानों और उनकी मां-बेटियों को लेकर विवादित भाषा का इस्तेमाल कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए।
गीता भुक्कल ने सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद संभालने का प्रस्ताव दिया गया था लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद करीब 10-12 वर्षों तक वह सक्रिय सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में यूपीए को बहुमत मिलने के बाद भी सहयोगी दलों और नेताओं की इच्छा के बावजूद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया। सोनिया गांधी का यह फैसला उनके त्याग और समर्पण को दर्शाता है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

