Samachar Nama
×

सोनिया गांधी की किताब पर महाराष्ट्र में बैन की मांग, कृष्णा खोपड़े ने सीएम फडणवीस को लिखी चिट्ठी

सोनिया गांधी की किताब पर महाराष्ट्र में बैन की मांग, कृष्णा खोपड़े ने सीएम फडणवीस को लिखी चिट्ठी
सोनिया गांधी की किताब पर महाराष्ट्र में बैन की मांग, कृष्णा खोपड़े ने सीएम फडणवीस को लिखी चिट्ठी

नागपुर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की बिक्री पर महाराष्ट्र में प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस किताब के कंटेंट से राज्य और देश में सांप्रदायिक तनाव भड़क सकता है और समाज का वातावरण दूषित हो सकता है।

खोपड़े ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा के रूप में अपने जीवन पर एक पुस्तक प्रकाशित की है। लेकिन इस पुस्तक में ऐसे मुद्दों को शामिल किया गया है, जिनसे देश का वातावरण खराब हो सकता है और दंगे भड़क सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक एक सोची-समझी योजना के तहत प्रकाशित की गई है।

भाजपा विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सोनिया गांधी को देश की संस्कृति के बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनगिनत लोगों ने बलिदान दिया है, लेकिन सोनिया गांधी को इसकी जानकारी नहीं है। अनेक क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, अपने पूरे परिवार का बलिदान दे दिया, लेकिन इस बारे में भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वीर सावरकर ने देश के लिए जो भूमिका निभाई और जो बलिदान दिया, उसके बारे में भी सोनिया गांधी को जानकारी नहीं है। इसलिए पुस्तक प्रकाशित करने से पहले उन्हें देश की संस्कृति को समझना चाहिए था। देश किस तरह गुलामी से आजाद हुआ, इस पूरे इतिहास का अध्ययन करने के बाद ही उन्हें पुस्तक का विमोचन करना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि सोनिया गांधी का भारत से कोई सीधा संबंध नहीं है। उनका जन्म इटली में हुआ है और वह इटली की मूल निवासी हैं। भारत की संस्कृति को समझना इतना आसान नहीं है। इसे समझने में बड़े-बड़े लोगों के भी पसीने छूट जाते हैं।

खोपड़े ने कहा कि देश में केंद्र और राज्यों में कई बड़े राजनीतिक नेताओं ने अपने जीवन पर पुस्तकें लिखी हैं और सभी लोगों ने उनका स्वागत भी किया है। जब कोई राजनीतिक नेता पुस्तक लिखता है तो वह अपने जीवन के बारे में लिखता है कि वह पहले कैसा था, आज कैसा है और भविष्य में उसका जीवन कैसा रहने वाला है। वह यह भी बताता है कि जब वह केंद्र या राज्य में सत्ता में था, तब उसने जनता को क्या दिया, क्या विकास किया, क्या लाभ पहुंचाया और आने वाले समय में वह क्या करेगा। इन्हीं विषयों पर पुस्तकें लिखी जाती रही हैं। लेकिन सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में जिस तरह से कई विषयों का उल्लेख किया है, वह निंदनीय है। कोई भी व्यक्ति इसे देखकर यही कहेगा कि उन्होंने गलत किया है।

उन्होंने कहा कि इसके बजाय अगर सोनिया गांधी उस जमाने की कांग्रेस की विचारधारा पर चिंतन करतीं, तो बेहतर होता। एक समय कांग्रेस 400 सीटों पर थी और आज 100 के अंदर सिमट गई है। कई राज्यों में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया है। महाराष्ट्र में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। यह क्यों हुआ, इस पर चिंतन करके अगर वह उस जमाने की कांग्रेस और आज की कांग्रेस के बारे में पुस्तक लिखतीं, तो शायद कांग्रेस का कुछ भला हो सकता था। लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए देश में दूषित वातावरण तैयार करना और दंगे भड़काने जैसे विषयों को पुस्तक में शामिल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

खोपड़े ने गोधरा कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उस घटना में हजारों नागरिक मारे गए थे। उस समय कांग्रेस की सरकार थी और कांग्रेस ने पूरे प्रकरण को दबाने का प्रयास किया था। बाद में अदालत के माध्यम से लोगों को न्याय मिला और कई लोग जेल गए। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दंगे में अनेक बेगुनाह सिख लोग मारे गए थे और उस समय भी कांग्रेस ने उन दंगों का समर्थन किया था।

खोपड़े ने कहा कि जब बाबरी मस्जिद ढह गई, तो सोनिया गांधी की आंखों में आंसू आ गए थे। लेकिन राम मंदिर को कांग्रेस ने कई वर्षों तक लटकाकर रखा। राम मंदिर के लिए अनेक साधु-संतों ने बलिदान दिया। हजारों लोगों ने अपना बलिदान दिया। करीब 500 साल की प्रतीक्षा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ। लेकिन इस पर सोनिया गांधी ने एक शब्द भी नहीं बोला। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी आज तक अयोध्या में रामलला के दर्शन करने भी नहीं गईं। उनके अनुसार, इसका कारण यह है कि उनके मन में एक दूषित वातावरण भरा हुआ है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story