Samachar Nama
×

सोनिया गांधी के बयान पर भड़के तरुण चुघ, कांग्रेस को बताया राम विरोधी

सोनिया गांधी के बयान पर भड़के तरुण चुघ, कांग्रेस को बताया राम विरोधी
सोनिया गांधी के बयान पर भड़के तरुण चुघ, कांग्रेस को बताया राम विरोधी

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने सोनिया गांधी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बाबरी मस्जिद विध्वंस को टीवी पर देखकर वह रो पड़ी थीं। तरुण चुघ ने कहा कि सोनिया गांधी ने विवादित ढांचे को बाबरी मस्जिद कहकर भारत के न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट का अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर आज भव्य राम मंदिर बना है, वह न्याय प्रक्रिया के माध्यम से बना है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ही वहां मंदिर का निर्माण हुआ है। ऐसे में सोनिया गांधी का उसे बाबरी मस्जिद कहना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों हिंदुओं, सनातनियों और विश्व भर में बैठे राम भक्तों का अपमान है। देश इस अपमान को सहन नहीं करेगा।

तरुण चुघ ने सोनिया गांधी से सवाल करते हुए कहा कि विवादित ढांचा गिरने पर उनकी आंखों में आंसू आते हैं लेकिन 1990 में कश्मीर में कश्मीरी हिंदुओं के साथ हुए नरसंहार पर उनकी आंखों से कभी आंसू नहीं निकले। डेढ़ लाख से ज्यादा कश्मीरी पंडितों को पलायन करना पड़ा लेकिन उस पर कभी उनका कोई बयान नहीं आया।

उन्होंने कहा कि भोपाल कांड में 25 हजार से ज्यादा नागरिक मारे गए, उस पर भी कभी सोनिया गांधी की ओर से बयान सामने नहीं आया। बाटला हाउस एनकाउंटर में आतंकी मारे गए तो उनकी आंखों में आंसू आते हैं लेकिन गोधरा कांड में रामभक्त कारसेवकों को जिंदा जला दिया गया तो पूरा इको सिस्टम उसे दुर्घटना साबित करने में लग जाता है।

चुघ ने कहा कि इससे कांग्रेस का राम विरोधी, राष्ट्र विरोधी, सनातन विरोधी और हिंदू विरोधी चेहरा स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है। उन्होंने सोनिया गांधी से पूछा कि उन्हें राम मंदिर से क्या तकलीफ है। उन्होंने कहा कि आतताई बाबर उन्हें याद है, लेकिन राम और राम मंदिर उन्हें तकलीफ दे रहे हैं, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली को खुशियों की ईद कहने वाले बयान पर भी तरुण चुघ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खड़गे दिवाली को खुशियों की ईद बताकर किसे खुश करना चाहते हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी वोट बैंक के लिए यह कवायद कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस को वोट बैंक के लिए हिंदू त्योहारों की पहचान बदलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शब्दों का प्रयोग करके विश्व भर में बैठे करोड़ों सनातनियों की आस्था को ठेस पहुंचाई गई है।

चुघ ने आरोप लगाया कि यह कवायद मुस्लिम लीग से अपने गठबंधन को मजबूत करने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि जितना मर्जी गठबंधन कर लें, देश न कांग्रेस को स्वीकार करता है और न मुस्लिम लीग को स्वीकार करता है। भारत अब सबका साथ, सबका विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे के राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान हुई फायरिंग का बचाव करने वाले बयान पर भी तरुण चुघ ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने आखिरकार स्वीकार कर लिया है कि अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोलियों की बौछार की गई थी।

उन्होंने कहा कि उस दौरान पूरी अयोध्या को, अयोध्या की कुंज गलियों को कारसेवकों के खून से लाल कर दिया गया था। सरयू के तट को लाशों से पाट दिया गया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के इस पाप और कलंक को आज भी समाजवादी पार्टी गौरव मानती है लेकिन देश इसे अभिशाप मानता है। समाजवादी पार्टी के इस पाप को देश कभी नहीं भूलेगा।

तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिना पैसे और बिना सिफारिश नौकरी देने का दावा करने वाली इस जोड़ी ने पंजाब पीसीएस मेन्स परीक्षा में फर्जीवाड़ा किया है। उन्होंने बताया कि रविवार को उनसे इस परीक्षा के अभ्यर्थी मिले थे। वे नौजवान बच्चे रो रहे थे कि किस तरह उनके साथ धोखा किया गया है। पंजाब का मौजूदा नेतृत्व कट्टर बेईमान है।

उन्होंने सवाल उठाया कि अनुपस्थित लोगों के रोल नंबर पास होने वाली सूची में कैसे आ गए। एक ही परीक्षा केंद्र से 24 उम्मीदवारों का चयन कैसे हो गया। चहेतों को सेंटर अलॉटमेंट से लेकर चयन तक विशेष जुगाड़ लगाया गया। सेंटर का अलॉटमेंट कैसे हुआ और रोल नंबर कैसे मिले, इसमें बेहद गहरी साजिश की बदबू आ रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story