सोनमर्ग की वादियों में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, मौसम ने जीता दिल
सोनमर्ग, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर का सोनमर्ग इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है। देशभर से आए पर्यटक यहां की खूबसूरती और शानदार माहौल का जमकर आनंद ले रहे हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियां, ठंडी हवाएं और हर तरफ फैली हरियाली लोगों को आकर्षित कर रही है।
गुजरात के सूरत से आए एक पर्यटक ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कश्मीर की खूबसूरती शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने कहा, "हम लोग सूरत से कश्मीर घूमने आए हैं। यहां का मौसम और वादियां सच में दिल जीत लेने वाली हैं। जो कश्मीर के बारे में सुना था, उससे कहीं ज्यादा खूबसूरत यहां आकर देखने को मिला। सूरत या गुजरात में हमने ऐसा मौसम कभी नहीं देखा। यहां की हवा इतनी फ्रेश है कि मन खुश हो जाता है।"
पर्यटक ने बताया कि उनका पूरा ट्रिप करीब 10 दिनों का है, जिसमें से 3 दिन बीत चुके हैं। पहले उन्होंने श्रीनगर और आसपास के इलाकों में घूमकर सैर की और अब सोनमर्ग पहुंचे हैं। यहां उन्होंने ग्लेशियर का भी अनुभव लिया, जो उनके लिए सबसे यादगार रहा। उन्होंने कहा, "हम लोग अभी ऊपर ग्लेशियर देखकर आए हैं। वहां का नजारा तो बस देखने लायक है। बर्फ, पहाड़ और ठंडी हवा सब कुछ बहुत ही शानदार था।"
घुड़सवारी का अनुभव भी उनके लिए खास रहा। उन्होंने बताया कि उन्हें करीब 1700 रुपये में घोड़ा मिला, जिसने उन्हें नीचे से लेकर ऊपर ग्लेशियर तक घुमाया। उन्होंने कहा, "घोड़े पर बैठकर ऊपर जाना अपने आप में एक अलग ही मजा था। पूरा पैकेज एकदम बढ़िया रहा।"
उन्होंने यह भी बताया कि सोनमर्ग में तापमान काफी ठंडा है और कई बार माइनस में भी चला जाता है, जो उनके लिए नया अनुभव था। उन्होंने कहा, "यहां का मौसम बहुत अलग है। इतनी ठंड हमने पहले कभी महसूस नहीं की, लेकिन यही तो इसकी खासियत है।"
गौरतलब है कि सोनमर्ग की यह खूबसूरती और सुकून भरा माहौल हर साल हजारों पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है और जो भी यहां आता है, वह यहां की यादें हमेशा अपने साथ लेकर जाता है। इस साल भी बड़ी संख्या में देश के कोने-कोने से पर्यटक अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंच रहे हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

