जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक, वीडियो में देंखे शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने रविवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक और सीबीएसई से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामलों को लेकर चल रहे आंदोलन का हिस्सा है। भूख हड़ताल शुरू होते ही जंतर-मंतर पर छात्रों, प्रदर्शनकारियों और विभिन्न संगठनों के लोगों की भीड़ जुटने लगी।
'कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)' की ओर से यह प्रदर्शन 20 जून से जारी है। सोमवार को आंदोलन का 9वां दिन रहा। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में हुई कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
भूख हड़ताल शुरू करने से पहले सोनम वांगचुक और CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दोनों जंतर-मंतर पहुंचे, जहां आंदोलन को आगे बढ़ाया गया।
प्रदर्शन में कई छात्र संगठनों के साथ किसान नेताओं ने भी हिस्सा लिया और आंदोलन को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
इससे पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा था कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की भी मांग कर रहे हैं।जंतर-मंतर पर जारी इस आंदोलन पर देशभर की नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार की ओर से इस आंदोलन और प्रदर्शनकारियों की मांगों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

