सोनम वांगचुक सफदरजंग अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा; पत्नी बोलीं- परिवार की सहमति बिना शुरू न हो इलाज
नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का आज 21वां दिन था। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उन्हें मेडिकल आधार पर जंतर-मंतर स्थित विरोध स्थल से हटाया। फिलहाल, सफदरजंग अस्पताल के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सफदरजंग अस्पताल के अंदर और बाहर दिल्ली पुलिस की टीमें तैनात हैं। सोनम वांगचुक के समर्थक अस्पताल के अंदर न घुस सकें, इसके लिए पैरामेडिकल कोर्स को भी तैनात किया गया है।
हालांकि, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजंलि अंग्मो अस्पताल पहुंची हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हूं, जहां सोनम वांगचुक को भर्ती कराया गया है। मेरी, उनके परिवार और उन डॉक्टरों की सहमति के बिना उन्हें मुंह से या नस के जरिए कोई भी दवा या चीज नहीं दी जानी चाहिए, जो पिछले 20 दिनों से उनकी सेहत पर नजर रखे हुए हैं।"
इससे पहले, सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाते समय दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्कामुक्की भी हुई। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस की टीम भीड़ के बीच से सोनम वांगचुक को लेकर मंच से उतरी और उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया।
फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना या उपद्रव की सूचना नहीं है। पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
दिल्ली पुलिस ने 'एक्स' पोस्ट में बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों और मेडिकल एक्सपर्ट्स की सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे थोड़ी अफरातफरी मची, लेकिन पुलिस ने बहुत संयम बरता और पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित रूप से पूरा किया। हम जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीके से जगह खाली कर दें।
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हाईकोर्ट के आदेशानुसार और स्वास्थ्य की स्थिति व मेडिकल सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक को जरूरी मेडिकल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है। वे अभी मेडिकल निगरानी में हैं।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

