Samachar Nama
×

सोनल चौहान बर्थडे स्पेशल: इमरान हाशमी के अपोजिट 'जन्नत' से डेब्यू, फिर तमिल-तेलुगू फिल्मों में भी बिखेरा जलवा

मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड की ग्लैमरस और खूबसूरत अभिनेत्रियों में शुमार सोनल चौहान का जन्मदिन 16 मई को है। उनका जन्म 16 मई 1985 को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुआ था। रॉयल बैकग्राउंड से ताल्लुक रखने वाली सोनल ने अपनी खूबसूरती और मेहनत के दम पर मॉडलिंग से लेकर बॉलीवुड और साउथ सिनेमा तक अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि, वह सिर्फ अपनी फिल्मों ही नहीं, बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ और रिलेशनशिप्स को लेकर भी कई बार चर्चा में रह चुकी हैं।

फिल्मों में आने से पहले सोनल चौहान ने साल 2005 में मिस वर्ल्ड टूरिज्म का खिताब अपने नाम किया था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनी थीं। इसी उपलब्धि ने उनके लिए ग्लैमर वर्ल्ड के दरवाजे खोल दिए। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग, विज्ञापनों और म्यूजिक एल्बम्स में काम करना शुरू किया और धीरे-धीरे फिल्मों की दुनिया तक पहुंच गईं।

सोनल की जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साल 2008 में आया, जब उन्हें फिल्म 'जन्नत' में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म में उनके अपोजिट इमरान हाशमी नजर आए थे। फिल्म सुपरहिट साबित हुई और सोनल रातोंरात चर्चा में आ गईं। दिलचस्प बात यह है कि फिल्ममेकर कुणाल देशमुख ने सोनल को मुंबई के एक रेस्टोरेंट में देखा था और उसी वक्त तय कर लिया था कि यही लड़की उनकी फिल्म की हीरोइन बनेगी। महज सात दिनों के अंदर सोनल को फिल्म के लिए साइन कर लिया गया।

'जन्नत' में सोनल की सादगी और खूबसूरती को दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्म के गाने और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई फिल्मों में नजर आईं।

सोनल हिमेश रेशमिया के फेमस एल्बम 'आप का सुरूर' में भी दिखाई दी थीं। इस म्यूजिक वीडियो से भी उन्हें अच्छी पहचान मिली थी। वह सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें संगीत में भी काफी रुचि है। फिल्म '3जी' में उन्होंने मशहूर सिंगर केके के साथ 'कैसे बताऊं' गाना भी गाया था।

सोनल ने अपनी पढ़ाई दिल्ली के गार्गी कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में की थी। उनका सपना पत्रकारिता की दुनिया में करियर बनाने का था। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्हें पत्रकारिता में गहरी दिलचस्पी थी और वह पढ़ाई भी जारी रखना चाहती थीं, लेकिन किस्मत उन्हें फिल्मों की दुनिया में ले आई।

अगर उनके फिल्मी करियर की बात करें तो 'जन्नत' के अलावा उन्होंने 'बुड्ढा होगा तेरा बाप', '3जी', 'लेजेंड', 'पलटन', 'द घोस्ट' और 'एफ3: फन एंड फ्रस्टेशन' जैसी फिल्मों में काम किया। हिंदी फिल्मों के अलावा उन्होंने तमिल, तेलुगू और कन्नड़ फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया।

सोनल अपने रिलेशनशिप्स को लेकर भी काफी सुर्खियों में रहीं। फिल्म '3जी' के दौरान उनका नाम अभिनेता नील नितिन मुकेश के साथ जुड़ा। दोनों के अफेयर की खबरें खूब चलीं, हालांकि बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया। बाद में सोनल ने इन खबरों को अफवाह बताते हुए कहा था कि वे और नील सिर्फ अच्छे दोस्त थे और साथ काम करने की वजह से इस तरह की बातें उड़ने लगी थीं।

आज भी सोनल चौहान अपनी फिटनेस, फैशन और स्टाइल स्टेटमेंट को लेकर चर्चा में रहती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और ग्लैमरस अंदाज फैंस को खूब पसंद आते हैं।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags