स्मैट 2026: मुंबई के मैच में चमके कप्तान सूर्या, शिवालिक ने तूफानी शतक जड़कर मिजोरम को हराया, पुडुचेरी-सौराष्ट्र भी जीते
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में सोमवार को कप्तान सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी के दम पर मुंबई ने गुजरात को 5 विकेट से मात दी। वहीं, शिवालिक शर्मा ने 39 गेंदों में 101 रन जड़कर बड़ौदा को मिजोरम के खिलाफ 8 विकेट से जीत दिलाई। इनके अलावा, पुडुचेरी और सौराष्ट्र ने भी अपने-अपने मैच जीते। आइए, इन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।
गुजरात बनाम मुंबई: कोलकाता में खेले गए एलीट ग्रुप-डी के इस मैच को मुंबई ने 5 विकेट से अपने नाम किया। गुजरात की टीम 19.2 ओवरों में 197 रन पर सिमट गई। आशुतोष शर्मा ने 42 रन की पारी खेली, जबकि विशाल जायसवाल ने 38 रन बनाए। विपक्षी खेमे से शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने 3-3 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में मुंबई ने 15.4 ओवरों में जीत हासिल कर ली। मुंबई ने 25 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हार्दिक तमोर (26) के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 86 रन जोड़कर टीम को 111 के स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद सूर्या ने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन जुटाए। सूर्या 29 गेंदों में 7 छक्कों और 9 चौकों के साथ 82 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सरफराज खान ने 17 गेंदों में 7 बाउंड्री की मदद से नाबाद 40 रन बनाकर टीम की जीत को आसान बनाया।
त्रिपुरा बनाम पुडुचेरी: एलीट ग्रुप-सी का यह मैच मोहाली में खेला गया, जिसमें पुडुचेरी ने त्रिपुरा को 40 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पुडुचेरी की टीम ने 69 के स्कोर तक 4 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कप्तान अमन खान (69) ने भानु प्रताप (59) के साथ पांचवें विकेट के लिए 68 रन, जबकि शशांक सिंह (15) के साथ छठे विकेट के लिए 43 रन जुटाते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इस पारी में त्रिपुरा के कप्तान मणिशंकर मुरासिंह ने 4 ओवरों में 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में त्रिपुरा की टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी। इस पारी में श्रीदम पॉल ने 33 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 57 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
बड़ौदा बनाम मिजोरम: बड़ौदा की टीम ने मुंबई में खेले गए एलीट ग्रुप-ए के इस मैच में मिजोरम के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। मिजोरम की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 133 रन ही बना सकी। इसके जवाब में बड़ौदा ने शिवालिक शर्मा की नाबाद शतकीय पारी के साथ महज 10.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। 'प्लेयर ऑफ द मैच' शिवालिक 39 गेंदों में 11 छक्कों और 5 चौकों के साथ 101 रन बनाकर नाबाद रहे।
सौराष्ट्र बनाम हरियाणा: इंदौर में खेले गए ग्रुप-बी के इस मैच को सौराष्ट्र ने 6 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम 9 विकेट खोकर सिर्फ 118 रन ही बना सकी। इस पारी में यशवर्धन दलाल (नाबाद 65) और राहुल तेवतिया (14) ही दहाई का आंकड़ा छू सके।
इसके जवाब में सौराष्ट्र ने 13.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। सलामी बल्लेबाज विश्वराज जडेजा ने 23 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 46 रन की पारी खेली, जबकि प्रेरक मांकड़ 28 रन बनाकर नाबाद रहे।
--आईएएनएस
आरएसजी

