Samachar Nama
×

स्मैट 2026: दिल्ली ने जम्मू-कश्मीर को बुरी तरह रौंदा; छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और कर्नाटक ने भी दर्ज की जीत

स्मैट 2026: दिल्ली ने जम्मू-कश्मीर को बुरी तरह रौंदा; छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और कर्नाटक ने भी दर्ज की जीत
स्मैट 2026: दिल्ली ने जम्मू-कश्मीर को बुरी तरह रौंदा; छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और कर्नाटक ने भी दर्ज की जीत

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में शनिवार को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, दिल्ली और कर्नाटक ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। दिल्ली ने जम्मू-कश्मीर को 103 रनों के बड़े अंतर से हराया। आइए, इन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।

उत्तराखंड बनाम छत्तीसगढ़: कोलकाता स्थित ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए एलीट ग्रुप-डी मुकाबले को छत्तीसगढ़ ने 5 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड ने 89 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद अवनीश सुधा (नाबाद 48) ने जगदीश सुचित (46) के साथ 53 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

इसके जवाब में छत्तीसगढ़ ने 18.3 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस पारी में कप्तान विकल्प तिवारी ने 17 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 50 रन बनाए, जबकि अजय मंडल ने 37 गेंदों में 66 रन की पारी खेली।

मध्य प्रदेश बनाम केरल: न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मैच को मध्य प्रदेश ने 5 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी केरल की टीम 6 विकेट खोकर 138 रन ही बना सकी। इस पारी में सलमान निजार ने 69 रन, जबकि अखिल स्कारिया ने 32 रन की पारी खेली। इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। अक्षत रघुवंशी 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने 36 रन की नाबाद पारी खेली।

जम्मू-कश्मीर बनाम दिल्ली: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-बी के इस मैच को दिल्ली ने 103 रनों के बड़े अंतर से जीता। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने 6 विकेट गंवाकर 243 रन बनाए। प्रियांश आर्य ने 29 गेंदों में 58 रन बनाए, जबकि हिम्मत सिंह ने 63 रन की नाबाद पारी खेली। इनके अलावा, तेजस्वी दहिया 46 रन बनाकर आउट हुए। इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 19.2 ओवरों में सिर्फ 140 रन पर सिमट गई। इस पारी में यावर हसन ने 70 रन बनाए, जबकि कामरान इकबाल ने 23 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। विपक्षी खेमे से मयंक यादव ने 14 रन देकर 5 विकेट चटकाए।

कर्नाटक बनाम बंगाल: एलीट ग्रुप-ए का यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जिसमें केरल की टीम ने करुण नायर (53) की अर्धशतकीय पारी के दम पर 184 रन बनाए। इस पारी में सायन घोष ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में बंगाल की टीम 20 ओवरों में 165/9 से आगे नहीं बढ़ सकी। बंगाल ने 24 रन तक 4 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद सुदीप (65) ने शाहबाज अहमद (56) के साथ पांचवें विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से अभिलाष शेट्टी ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story