Samachar Nama
×

सीतापुर में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, 12 घंटे में पुलिस ने दबोचा

सीतापुर में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, 12 घंटे में पुलिस ने दबोचा
सीतापुर में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, 12 घंटे में पुलिस ने दबोचा

सीतापुर, 22 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

मामला थानगांव थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, एक 6 वर्षीय बच्ची अपने नाना के घर आई हुई थी। आरोपी अवधराम उर्फ भोलेशंकर, निवासी सत्तापुर थाना सदरपुर, बच्ची को लालच देकर गन्ने के खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना कल देर शाम की बताई जा रही है। परिजनों की शिकायत पर थानगांव थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया और बच्ची का मेडिकल कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए और पुलिस की कई टीमों का गठन किया। आरोपी पर इनाम भी घोषित किया गया था।

सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार ने बताया, "20.09.2026 को थाना थानगांव में एक मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिसमें 6 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार की घटना हुई थी। इसमें एकमात्र अभियुक्त अवधराम उर्फ भोला है। एसपी महोदय के निर्देश पर टीमें बनाकर लगातार दबिश दी जा रही थी। 22-09-26 को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि आरोपी को देखा गया है।"

उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम और मिशन शक्ति की टीम बेर्रा गांव में दबिश देने पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी भेजा गया। पुलिस ने उसके पास से 12 बोर का देशी तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा कारतूस और 350 रुपए नकद बरामद किए हैं।

इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/एएस

Share this story

Tags