सिर्फ नेटवर्किंग नहीं, अच्छा व्यवहार और ईमानदारी भी जरूरी: अंगद हसीजा
मुंबई, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता अंगद हसीजा इंडस्ट्री इन दिनों टीवी सीरियल 'तुमसे तुम तक' में नजर आ रहे हैं। अभिनेता का मानना है कि मनोरंजन जगत में आज के मुकाबले पहले मौके कम और कॉम्पटिशन ज्यादा था।
उन्होंने कहा, "आज के समय में एक्टर्स और न्यूकर्म के पास ज्यादा मौके हैं, क्योंकि अगर आपको टीवी पर काम नहीं मिल रहा है, तो वेब सीरीज, अलग-अलग चैनल और प्लेटफॉर्म ट्राई कर सकते हैं। जब मैं इंडस्ट्री में आया था तो हमारे लिए ज्यादा मौके नहीं थे। बस कुछ ही बड़े चैनल हुआ करते थे और उनके शो बहुत सक्सेसफुल हुआ करते थे और उनमें काम मिलना मुश्किल था। अब बहुत ज्यादा ऑप्शन हैं, बहुत सारे चैनल और प्लेटफॉर्म हैं जो पहले नहीं थे। इसलिए, मैं कहूंगा कि एक्टर्स के लिए चीजें ज्यादा आसान हो गई हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं यह नहीं कहूंगा कि एक एक्टर को स्ट्रगल नहीं करना पड़ता, लेकिन सबसे बड़ी चीज जिस पर मैं यकीन करता हूं, वह है किस्मत। अगर आपकी किस्मत आपके साथ है, तो आप कुछ भी कर सकते हैं।"
अभिनेता ने बातचीत में बताया कि काम के साथ नेटवर्किंग भी जरूरी है। इसका मतलब ये नहीं कि सिर्फ नेटवर्किंग से ही काम मिलेगा। मुझे लगता है कि अगर आप एक अच्छे एक्टर हैं और अपने काम को लेकर ईमानदार हैं, लेकिन आपका व्यवहार भी मायने रखता है और यही आपको आगे लेकर जाएगा।"
अभिनेता से आईएएनएस ने सवाल किया, "पहले निगेटिव लीड्स को अलग तरह से दिखाया जाता था और ऑडियंस सालों तक कैरेक्टर्स से जुड़ी रहती थी। क्या आपको लगता है कि आज के टेलीविजन ने उस तरह का कनेक्शन खो दिया है?"
अभिनेता ने माना कि पहले शो चार या पांच साल तक चलते थे और उनसे जुड़े रहते थे। उन्होंने कहा, "जब आप इतने वर्षों तक हर दिन कुछ देखते हैं, तो वह आपकी जिंदगी का हिस्सा बन जाता है, लेकिन अब टेलीविजन शो इतने लंबे समय तक नहीं चलते। बहुत कम शो चार या पांच साल तक चलते हैं, यही वजह है कि लोग शायद उनसे उसी तरह कनेक्ट न कर पाएं। साथ ही, मुझे लगता है कि यह एक अच्छी बात भी है क्योंकि दर्शकों को अलग-अलग तरह की कहानियां मिल रही हैं और एक्टर्स को अलग-अलग काम करने को मिल रहे हैं। नहीं तो, इतने सालों के बाद आप बोर हो सकते हैं। टेलीविजन समय के हिसाब से बदल रहा है।"
--आईएएनएस
एनएस/वीसी

