सिर्फ दवा नहीं, व्यवहार भी है सेहत की कुंजी! आयुर्वेद से समझें आचार रसायन
नई दिल्ली, 4 मार्च (आईएएनएस)। सिर्फ दवा ही नहीं, हमारा व्यवहार और जीवनशैली भी हमारी सेहत तय करते हैं। इसी पर आयुर्वेद का एक खास सिद्धांत है आचार रसायन। आचार रसायन का मतलब है ऐसा आचरण और जीवन जीने का तरीका, जो तन और मन दोनों को स्वस्थ रखे।
आयुर्वेद का मानना है कि अगर इंसान सच्चाई, संयम, स्वच्छता, करुणा और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीता है, तो वह लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है। आचार रसायन की मानें तो रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातें, जैसे समय पर सोना, साफ-सफाई रखना, बड़ों का सम्मान करना और क्रोध पर नियंत्रण रखना सीधे हमारी सेहत से जुड़ी होती हैं।
सबसे पहले बात करें व्यक्तिगत आचरण की। आयुर्वेद में दिनचर्या और ऋतुचर्या का खास महत्व बताया गया है। रोज एक नियमित दिनचर्या अपनाना और मौसम के हिसाब से खानपान व रहन-सहन बदलना। सुबह जल्दी उठना, नियमित व्यायाम करना, जरूरत के अनुसार तेल मालिश करना, साफ और मौसम के अनुकूल कपड़े पहनना ये सब छोटी बातें लगती हैं, लेकिन शरीर को संतुलित रखने में बड़ी भूमिका निभाती हैं।
साथ ही, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना भी आचार रसायन का हिस्सा है। जैसे शौच के बाद, खाना खाने से पहले और बाद में या छींकने-खांसने के बाद हाथ धोना। ये आदतें न सिर्फ हमें संक्रमण से बचाती हैं, बल्कि आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रखती हैं।
अब बात सामाजिक आचरण की। आचार रसायन बताता है कि सच बोलें, मधुर बोलें और किसी के प्रति हिंसा या दुर्भावना न रखें। लोभ, क्रोध, ईर्ष्या, अहंकार जैसी भावनाओं पर नियंत्रण रखने की सलाह दी गई है। क्योंकि ये नकारात्मक भावनाएं धीरे-धीरे मानसिक तनाव बढ़ाती हैं, और मानसिक तनाव कई बीमारियों की जड़ बन सकता है।
आयुर्वेद यह भी कहता है कि कुछ प्राकृतिक वेगों जैसे भूख, प्यास, नींद, छींक या पेशाब को नहीं रोकना चाहिए। इन्हें रोकने से शरीर में विकार पैदा हो सकते हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

