Samachar Nama
×

एसआईआर पर टीआर श्रीनिवास बोले- किसी असली भारतीय का नाम न कटे पर फर्जी वोटर भी न बचे

एसआईआर पर टीआर श्रीनिवास बोले- किसी असली भारतीय का नाम न कटे पर फर्जी वोटर भी न बचे
एसआईआर पर टीआर श्रीनिवास बोले- किसी असली भारतीय का नाम न कटे पर फर्जी वोटर भी न बचे

हैदराबाद, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता टीआर श्रीनिवास ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी द्वारा लोगों से एसआईआर प्रक्रिया में शामिल होने, पंजीकरण कराने और अपनी शंकाओं को दूर करने की अपील करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए अच्छी बात है लेकिन इसके साथ ही उन्हें अवैध मतदाताओं के मुद्दे पर भी सहयोग करना चाहिए।

भाजपा नेता टीआर श्रीनिवास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है और मतदाता सूची का साफ-सुथरा होना चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अवैध रूप से रह रहे लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने की आशंकाएं हैं। उन्होंने ओवैसी से अपील की कि वे भारत सरकार और चुनाव आयोग के साथ मिलकर ऐसे फर्जी वोटरों की पहचान और हटाने की प्रक्रिया में सहयोग करें।

भाजपा नेता ने कहा कि सही मतदाता सूची तैयार करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। किसी भी वास्तविक भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए, लेकिन फर्जी नामों और अवैध प्रविष्टियों को रोकना भी जरूरी है। जिससे चुनाव के समय गलत लोग वोट न कर सके।

इसके अलावा टीआर श्रीनिवास ने राम मंदिर और कांग्रेस को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि देश कांग्रेस के पुराने फैसलों का परिणाम भुगत रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन भगवान राम के प्रति आस्था का विरोध नहीं किया जाना चाहिए।

श्रीनिवास ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा और अन्य मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राम मंदिर के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने और खुद को भगवान राम का सबसे बड़ा समर्थक दिखाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि धार्मिक और लोकतांत्रिक मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। जिससे जनता की परेशानी को पहले ध्यान देना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags