Samachar Nama
×

सिर धड़ से अलग, आधा जला शव: बुलढाणा के रसुलपुर क्षेत्र में महिला हत्या से दहशत का माहौल

बुलढाणा, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के जलगांव जामोद तहसील के रसुलपुर क्षेत्र में स्थित राजुरा लघु प्रकल्प के पास एक अज्ञात महिला का सिर धड़ से अलग कर आधा जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस वीभत्स घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है।

पुलिस के अनुसार, राजुरा लघु प्रकल्प के समीप सुनसान इलाके में शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव का सिर धड़ से अलग किया गया था और दोनों हिस्से आंशिक रूप से जले हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने तुरंत मौके की जांच शुरू कर दी और सबूत इकट्ठा किए।

महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण पुलिस के लिए पहचान करना बड़ी चुनौती बन गई है। फॉरेंसिक टीम शव का पोस्टमॉर्टम और अन्य वैज्ञानिक परीक्षण कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी संभावनाओं पर काम कर रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने इस घटना को अघोरी पूजा या नरबलि से जोड़कर आशंका जताई है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभी तक कोई भी सिद्धांत पुष्ट नहीं हुआ है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है।

बुलढाणा पुलिस अधीक्षक नीलेश तांबे के मार्गदर्शन में जळगांव पुलिस निरीक्षक नितीन पाटील मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ तेज कर दी है। गुमशुदगी की शिकायतों की जांच की जा रही है ताकि शव की पहचान जल्द से जल्द हो सके। इलाके में सीसीटीवी फुटेज और संभावित गवाहों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

इस घटना से पूरे बुलढाणा जिले में खलबली मच गई है। स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई लोगों ने प्रशासन से इलाके में बढ़ी हुई पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी की कोई महिला परिजन लापता है या इस घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या जलगांव जामोद पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधी को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags