Samachar Nama
×

सिंधु जल संधि पर कांग्रेस का सवाल, राजा वडिंग बोले-रोका गया पानी आखिर कहां गया

सिंधु जल संधि पर कांग्रेस का सवाल, राजा वडिंग बोले-रोका गया पानी आखिर कहां गया
सिंधु जल संधि पर कांग्रेस का सवाल, राजा वडिंग बोले-रोका गया पानी आखिर कहां गया

चंडीगढ़, 21 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सिंधु जल संधि, पीसीएस मुख्य परीक्षा विवाद और कांग्रेस की इंसाफ रैली को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सिंधु जल संधि के मुद्दे पर केंद्र सरकार के रुख का समर्थन करते हुए सवाल उठाया कि अगर सरकार ने पानी रोकने का दावा किया है, तो आखिर वह पानी गया कहां है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वह पूरी तरह से देश के हित और भारत के रुख के साथ खड़े हैं। देश के मुद्दे पर उनका समर्थन भारत सरकार के साथ है, लेकिन उनका सवाल है कि पानी रोकने के बाद उसे कहां मोड़ा गया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान से पानी रोकने की बात कही जा रही है, वहां से उसे रोकने के बाद आगे कहां भेजा गया, यह स्पष्ट होना चाहिए। पानी अभी भी उसी दिशा में बह रहा है। सरकार ने कागजों पर पानी रोकने का दावा तो किया है, लेकिन यह बताना जरूरी है कि सिंधु नदी के पानी को मोड़कर कहां पहुंचाया गया।

वहीं, पीसीएस मुख्य परीक्षा विवाद को लेकर राजा वडिंग ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई मनमानी तरीके से की जा रही है। उन्होंने पंजाब के एसएसपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक क्लर्क की तरह काम कर रहे हैं। वडिंग के मुताबिक, एक युवा साथी के मामले में हाई कोर्ट ने रोक लगाई है, जो पीसीएस परीक्षाओं में गड़बड़ियों की ओर इशारा करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्यायपालिका का सम्मान करती है और लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का जायज अधिकार है।

उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को हिरासत में लिए जाने की भी निंदा की और इसे गलत कार्रवाई बताया। कांग्रेस की 'इंसाफ रैली' को लेकर वडिंग ने कहा कि पार्टी का इंसाफ मार्च अभियान पंजाब के अलग-अलग शहरों और कस्बों में जारी रहेगा। इसकी शुरुआत सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में कहीं साइकिल यात्राएं निकाली जा रही हैं, तो कहीं 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस चुनाव नजदीक आने के साथ जनता के मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story