महामना मालवीय : सिद्धांतों के पक्के, राजा ने शर्त तोड़ी तो छोड़ दिया था पद, दूसरी शर्त के तौर पर चुनी वकालत
नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अपने निर्णयों पर अडिग, सिद्धांतों के पक्के और कट्टर राष्ट्रवादी, यह मदन मोहन मालवीय की पहचान थी, जिसने उन्हें 'महामना' बनाया। वे प्राचीन और आधुनिक, तथा पूर्वी और पश्चिमी संस्कृतियों के एक अनूठे संगम थे। अपने विचारों से एक सच्चे ऋषि और उनका गहरा धार्मिक दृष्टिकोण उनके कार्यों का मार्गदर्शन करता था। वैज्ञानिक और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की उनकी लगन और उनके शब्द व कार्य यह दर्शाते हैं कि उन्होंने विभिन्न सभ्यताओं के सर्वोत्तम तत्वों को किस प्रकार आत्मसात किया था।
25 दिसंबर 1861 को त्रिवेणी संगम और पुण्य भूमि तीर्थराज प्रयाग में जन्मे मदन मोहन मालवीय के अपने सिद्धांतों पर बने रहने का एक उदाहरण यह है कि उन्होंने कालाकांकर रियासत के राजा रामपाल सिंह की ओर से शर्त का उल्लंघन किए जाने पर अपना पद छोड़ दिया था और फिर कभी उसकी ओर देखा नहीं।
निर्धन परिवार में जन्म लेने के कारण मदन मोहन मालवीय अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख सके थे। अपनी मां के कहने पर 1885 में उन्होंने 40 रुपए महीने की तनख्वाह पर एक सरकारी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया था। अगले साल यानी 1886 में जब वे कोलकाता गए थे, वहां उनकी राजा रामपाल सिंह से मुलाकात हुई थी।
राजा रामपाल सिंह उस समय अपने हिंदी समाचार पत्र 'हिन्दुस्थान' के लिए संपादक तलाश रहे थे। उस मुलाकात के बाद राजा रामपाल सिंह की यह खोज मदन मोहन मालवीय पर आकर खत्म हुई। राजा रामपाल के आग्रह पर मालवीय ने पद संभाल लिया। मालवीय जी इस शर्त पर संपादक बने थे कि राजा साहब कभी शराब पीकर उनसे बात नहीं करेंगे। उस समय राजा रामपाल ने शर्त को स्वीकार कर लिया था।
महामना मदन मोहन मालवीय के पौत्र गिरधर मालवीय ने एक इंटरव्यू में कहा था, "राजा-महाराज लोग इस वैभव में रहते थे, बहुत सी चीजें ऐसी होती थीं, जो मालवीय जी के हिसाब से उनके व्यक्तिगत मत के अनुसार उचित नहीं थीं। उसमें उनका सबसे अधिक विरोध यह था कि जब कोई मद्यपान करता है तो उसे किसी से नहीं मिलना चाहिए। अत: वहां की पत्रकारिता स्वीकार करने की शर्त उन्होंने रखी थी।"
इसके बाद महामना ने कालाकांकर में समाचार पत्र का संपादन शुरू किया था। हालांकि, एक दिन राजा रामपाल सिंह ने शराब पीकर उनसे बात की, जिससे नाराज होकर मालवीय जी ने तुरंत इस्तीफा दे दिया था। मालवीय जी अपने इस्तीफे पर अड़े रहे और वे राजा साहब के माफी मांगने पर भी नहीं माने, तब राजा रामपाल सिंह ने उनके सामने यह शर्त रखी कि वे उनका इस्तीफा तभी स्वीकार करेंगे, जब मालवीय जी उनके (राजा के) खर्च पर वकालत की पढ़ाई करना स्वीकार करेंगे। इस शर्त को पूरा करने और कानून की पढ़ाई के लिए मालवीय जी को वकालत की ओर मुड़ना पड़ा।
उस समय मदन मोहन मालवीय ने वकालत पढ़ी नहीं थी, इसलिए राजा रामपाल सिंह के आग्रह पर उन्होंने कानून की पढ़ाई शुरू की थी। 1891 में उन्होंने कोलकाता से एलएलबी की परीक्षा पास की और 1893 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत शुरू कर दी।
वे जल्द ही इतने निपुण हो चुके थे कि उनका नाम इलाहाबाद हाईकोर्ट के सबसे ऊपर के चार वकीलों में लिया जाने लगा था। मदन मोहन मालवीय के पौत्र गिरधर मालवीय ने इंटरव्यू में कहा, "लोग ताज्जुब किया करते थे कि मालवीय जी इतनी अच्छी अंग्रेजी कैसे बोल लेते थे या जिस तरह वे केस की तैयारी करते थे। उनका उद्देश्य हमेशा यह रहता था कि जो काम किया जाए, वो बहुत ही अच्छी तरह से किया जाए। वह पहले समझते थे कि जिसका केस वे ले रहे हैं, वह पक्ष सही है या नहीं।" हालांकि, अपनी एक तीव्र आकांक्षा के कारण वकालत छोड़ दी थी।
उनका निधन 12 नवंबर 1946 को वाराणसी में हुआ था।
--आईएएनएस
डीसीएच/एबीएम

