Samachar Nama
×

सिद्दारमैया का विमान जयपुर डायवर्ट, खराब मौसम के चलते बदला रूट

नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके सिद्दारमैया के चार्टर विमान को खराब मौसम के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। सिद्दारमैया बेंगलुरु से दिल्ली जा रहे थे, लेकिन दिल्ली में खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते फ्लाइट को जयपुर लैंड करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, चार्टर विमान में सिद्दारमैया के साथ केजे जॉर्ज, कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कुल 9 लोग सवार थे। विमान फिलहाल जयपुर एयरपोर्ट पर ही रुका है और मौसम साफ होने के बाद इसे दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।

इस दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिद्दारमैया से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसकी राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है।

बता दें कि कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब सिद्दारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। लंबे समय से कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही खींचतान के बीच उनके इस्तीफे के बाद अब डीके शिवकुमार के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।

पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, सिद्दारमैया अपने सरकारी आवास से निकलकर राजभवन पहुंचे थे। हालांकि, उस समय राज्यपाल प्रदेश से बाहर थे, इसलिए उन्होंने अपना इस्तीफा राजभवन के अधिकारियों को सौंप दिया।

इस्तीफा देने के बाद सिद्दारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा, "मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय में सौंप दिया है। राज्यपाल यहां नहीं हैं, वे आज रात में लौटेंगे, इसलिए मैंने इस्तीफा उनके कार्यालय में जमा कर दिया।"

कर्नाटक में अचानक हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम और उसके बीच सिद्दारमैया के विमान के जयपुर डायवर्ट होने से पूरे घटनाक्रम ने और ज्यादा राजनीतिक चर्चा पैदा कर दी है।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी

Share this story

Tags