श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को धुंधला नहीं कर सकते : प्रतुल शाह देव
रांची, 28 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता प्रतुल शाह देव ने कहा कि महान देशभक्त और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर असामाजिक तत्वों द्वारा कालिख पोते जाने की घटना ने झारखंड और रांची को शर्मसार किया है।
आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर के एकीकरण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। हेमंत सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। जिन लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोती, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप उनके चेहरे को धुंधला कर सकते हैं, लेकिन उनके विचारों को धुंधला नहीं कर सकते हैं।
प्रतुल शाह देव ने कहा कि इस घटना की जानकारी देर रात मिलते ही सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता, जिनमें वह भी शामिल थे, पार्क पहुंचे और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को साफ किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिमा का शुद्धिकरण किया और उस पर माला चढ़ाई।
झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि रांची के हरमू में महान राष्ट्रभक्त एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त एवं अपमानित करने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। महापुरुषों की प्रतिमाएं हमारी राष्ट्रीय चेतना और गौरव का प्रतीक हैं। उनका अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। राज्य की वर्तमान सरकार के शासनकाल में असामाजिक एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे हमारे महापुरुषों के सम्मान पर भी आघात करने का दुस्साहस कर रहे हैं। मैं राज्य सरकार एवं पुलिस-प्रशासन से मांग करता हूं कि इस घिनौनी हरकत में शामिल तत्वों को अविलंब चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए तथा उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने कहा कि देश की अखंडता और एकता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले करोड़ों देशवासियों के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की रांची स्थित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का कुत्सित प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह केवल एक प्रतिमा पर हमला नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा और देश की एकता-अखंडता के मूल्यों पर प्रहार है। प्रशासन अविलंब दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे, अन्यथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

