Samachar Nama
×

देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, मथुरा से द्वारका तक मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, वीडियो में जाने कहीं 300 ड्रोन तो कहीं 108 चांदी के कलश से अभिषेक

देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, मथुरा से द्वारका तक मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, वीडियो में जाने कहीं 300 ड्रोन तो कहीं 108 चांदी के कलश से अभिषेक

देशभर में शुक्रवार, 4 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। मथुरा-वृंदावन से लेकर द्वारका, जगन्नाथ पुरी और देश के बड़े शहरों तक मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि, गुजरात के द्वारका स्थित द्वारकाधीश मंदिर, दिल्ली के इस्कॉन मंदिर और जयपुर के गोविंद देव जी मंदिर में विशेष मंगला आरती हुई। जन्माष्टमी को लेकर प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई और भगवान कृष्ण का श्रृंगार किया गया।

काशी में लगी एक किलोमीटर लंबी लाइन

वाराणसी के इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी। यहां भक्तों की लाइन करीब 1 किलोमीटर तक पहुंच गई। मंदिर परिसर में सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।

अहमदाबाद में 300 ड्रोन से दिखाईं कृष्ण लीलाएं

अहमदाबाद के इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के लिए खास तैयारियां की गईं। इस बार करीब 300 ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान कृष्ण की दो-तीन लीलाओं को प्रदर्शित किया गया। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।मंदिर में 5 मिनट का 7D शो भी दिखाया गया। यह शो हर आधे घंटे में आयोजित किया गया। इसमें लाइट और साउंड इफेक्ट के साथ बारिश का अनुभव भी कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं को अलग तरह का अनुभव मिला।

पटना में 108 चांदी के कलश से भगवान कृष्ण का अभिषेक

बिहार की राजधानी पटना स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया। यहां 108 चांदी के कलश से भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया गया।मंदिर को भव्य रूप से सजाने के लिए बेंगलुरु, पुणे और कोलकाता के अलावा विदेशों से भी अलग-अलग किस्म के करीब 8 टन फूल मंगाए गए थे। फूलों से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया।

सुरक्षा के लिए 150 से ज्यादा कैमरे लगाए

जन्माष्टमी पर मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। पटना के इस्कॉन मंदिर परिसर में 150 से ज्यादा कैमरों से निगरानी की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई।देश के अलग-अलग हिस्सों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर दिनभर धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे। मंदिरों में भजन-कीर्तन, पूजा और विशेष आरती के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Share this story

Tags