श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट को लेकर फिर बढ़ा विवाद, 30 नवंबर को होगी अहम बैठक
चंडीगढ़, 25 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सत्कार से जुड़े संशोधन कानून को लेकर पंजाब सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब के बीच विवाद एक बार फिर गर्माता नजर आ रहा है। 'द जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट-2026' को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी ने पंजाब सरकार की तालमेल कमेटी के हालिया बयानों पर सवाल उठाए हैं।
23 नवंबर को हुई बैठक के बाद सामने आए बयानों को विशेषज्ञ कमेटी ने भ्रामक करार दिया है। इसके साथ ही अब इस मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने के लिए 30 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में दोनों कमेटियों की संयुक्त बैठक बुलाने का न्योता दिया गया है।
दरअसल, पंजाब विधानसभा में 13 अप्रैल 2026 को 'द जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट-2026' पारित किया गया था। इस कानून को लेकर शुरुआत से ही विभिन्न सिख संगठनों और धार्मिक संस्थाओं की ओर से आपत्तियां जताई जाती रही हैं।
श्री अकाल तख्त साहिब का कहना है कि इस कानून को पारित करने से पहले न तो शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ उचित विचार-विमर्श किया गया और न ही सिख संगठनों तथा पंथक संस्थाओं को विश्वास में लिया गया। अकाल तख्त साहिब की ओर से कानून की कुछ धाराओं को सिख धार्मिक मामलों और पंथक संस्थाओं के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप बताया जा रहा है।
इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से 11 मई और 29 जून 2026 को भी आदेश जारी किए गए थे। इन आदेशों के माध्यम से पंजाब सरकार को कानून की आपत्तिजनक धाराओं में संशोधन करने और सिख भावनाओं के अनुरूप बदलाव करने के लिए कहा गया था।
अकाल तख्त साहिब की ओर से सरकार को एक महीने का समय देते हुए आपत्तिजनक धाराओं को हटाने और आपसी सहमति बनने तक संशोधन कानून पर आगे की कार्रवाई रोकने की बात भी कही गई थी।
दस्तावेजों के अनुसार, 29 जून को हुई बैठक के दौरान पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। इस दौरान कई विधायकों ने यह बात भी स्वीकार की थी कि उन्होंने कानून का पूरा मसौदा पढ़े बिना ही इसे पारित कर दिया था।
अब 23 नवंबर को पंजाब सरकार की तालमेल कमेटी की बैठक के बाद एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र में सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस और उसमें दिए गए बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई गई है।
विशेषज्ञ कमेटी का कहना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ ऐसे व्यक्तियों ने भी बयान दिए, जो सरकारी कमेटी के सदस्य नहीं थे। कमेटी ने इन बयानों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से पहले जारी किए गए आदेशों और सरकार को भेजे गए पत्रों से जुड़े तथ्यों को भी सही ढंग से पेश नहीं किया गया।
इस पूरे विवाद को बातचीत के माध्यम से सुलझाने के लिए अब श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी ने पंजाब सरकार की तालमेल कमेटी को एक बार फिर बैठक का न्योता भेजा है।
जारी पत्र के अनुसार, 30 नवंबर को सुबह 11 बजे श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब के बलदेव सिंह माहिलपुरी मीटिंग हॉल में दोनों कमेटियों की संयुक्त बैठक होगी। इस बैठक में दोनों कमेटियों के केवल नामित सदस्य ही शामिल हो सकेंगे। अब देखना होगा कि 30 नवंबर को होने वाली इस अहम बैठक में दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति बन पाती है या फिर श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट को लेकर विवाद और आगे बढ़ता है।
फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पंजाब सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब के बीच बातचीत के जरिए कोई सर्वसम्मत समाधान निकल पाएगा क्योंकि यह मामला केवल एक कानून तक सीमित नहीं है बल्कि सिख धार्मिक संस्थाओं के अधिकारों, पंथक मर्यादा और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सम्मान से जुड़ा हुआ है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

