Samachar Nama
×

अमरनाथ यात्रा: एलजी मनोज सिन्हा ने पंथा चौक यात्री ट्रांजिट कैंप का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं को हर सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अमरनाथ यात्रा: एलजी मनोज सिन्हा ने पंथा चौक यात्री ट्रांजिट कैंप का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं को हर सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
अमरनाथ यात्रा: एलजी मनोज सिन्हा ने पंथा चौक यात्री ट्रांजिट कैंप का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं को हर सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

श्रीनगर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को श्रीनगर स्थित पंथा चौक यात्री ट्रांजिट कैंप और यात्री निवास का दौरा कर चल रही श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि भगवान शिव के प्रत्येक श्रद्धालु को 24 घंटे बेहतर सुविधाएं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

एलजी मनोज सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि पंजीकरण से लेकर आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सेवाओं तक किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर आने वाले प्रत्येक यात्री का प्रवास सुरक्षित, सुगम और आध्यात्मिक अनुभव से भरपूर बनाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान एलजी ने आवास, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, बिजली आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

मनोज सिन्हा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रा में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। उन्होंने इसे देश की आध्यात्मिक विरासत के लिए शुभ संकेत बताते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को देशभर के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों को सम्मान मिलेगा और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, पुलिस, सुरक्षा बलों और सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने यात्रा के दौरान प्रभावी भीड़ प्रबंधन, सुगम पंजीकरण प्रक्रिया और श्रद्धालुओं तक समय पर आवश्यक सूचनाएं पहुंचाने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने फर्जी पंजीकरण कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मनदीप के. भंडारी, आईजीपी कश्मीर वीके बिरदी, मंडलायुक्त श्रीनगर अंशुल गर्ग सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags