श्रेयस अय्यर छोड़ रहे 'श्रेष्ठ' प्रदर्शन से छाप, टी20 कप्तानी के लिए भी पेश की है दावेदारी
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। क्रिकेट के खेल में कुछ खिलाड़ियों को हुनरमंद होने के बावजूद समय-समय पर अपनी काबिलियत को साबित करना पड़ता है। ऐसी ही कुछ कहानी श्रेयस अय्यर की है। आईपीएल 2025 में पूरे सीजन कमाल की फॉर्म दिखाने के बावजूद अय्यर को भारत की टी20 टीम में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, आईपीएल 2026 में भी श्रेयस अपनी श्रेष्ठ फॉर्म से मुंह फेरे बैठे सिलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचने में लगे हुए हैं।
आईपीएल 2025 में श्रेयस अय्यर ने 17 मुकाबलों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 604 रन बनाए थे। हालांकि, यह धमाकेदार सीजन भी उन्हें भारतीय टीम की टी20 टीम में जगह नहीं दिला सका था। सिलेक्टर्स ने वनडे में अय्यर पर भरोसा दिखाया था और वह उम्मीदों पर एकदम खरे उतरे थे। उन्होंने साल 2025 में 50 ओवर के फॉर्मेट में खेले 11 मुकाबलों में 89 की औसत से 496 रन बनाए थे, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल रहे थे।
हालांकि, अय्यर के मन में मानो टी20 टीम में जगह न पाने का मलाल रह गया। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद अय्यर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे। अय्यर की बल्लेबाजी में निरंतरता को देखकर साफ समझा जा सकता है कि वह हर हाल में टी20 टीम का भी हिस्सा बनना चाहते थे। आईपीएल 2026 में खेले 6 मुकाबलों में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए अय्यर 182 के स्ट्राइक रेट से 208 रन बना चुके हैं। अय्यर इस सीजन अब तक 3 अर्धशतक लगा चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि अय्यर उस वक्त रन बनाकर टीम को जीत दिला रहे हैं, जब विपक्षी टीम मुकाबले में हावी होती है।
रनों का पीछा करते हुए अय्यर लाजवाब रहे हैं। आईपीएल 2024 से रन चेज के दौरान उन्होंने 14 पारियों में 173 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 621 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं। सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि श्रेयस अय्यर ने अपनी लीडरशिप से यह साफ संदेश दे रहे हैं कि उनके अंदर भारत का अगला टी20 कप्तान बनने के सभी गुण मौजूद हैं।
खबरों के अनुसार, भारतीय टीम के मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म को देखते हुए उनके भविष्य पर जल्द फैसला लिया जा सकता है। सूर्यकुमार के बाद अगर सिलेक्टर्स नए कप्तान की तलाश करेंगे, तो शायद अय्यर का नाम लिस्ट में सबसे ऊपर दिखाई दे। आईपीएल 2025 में उन्होंने अपनी कप्तानी में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था।
वहीं, आईपीएल 2026 में भी अय्यर अपनी कप्तानी से विश्व क्रिकेट के दिग्गजों को खूब प्रभावित कर रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में अय्यर की अगुवाई में पंजाब किंग्स 6 मुकाबलों के बाद अजेय रही है और वह ऐसा करने वाली पहली टीम भी है। श्रेयस अय्यर अपने प्रदर्शन और शानदार कप्तानी से इस सीजन ऐसी छाप छोड़ रहे हैं, जिसे सिलेक्टर्स के लिए इस बार नजरअंदाज कर पाना शायद नामुमकिन हो।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

