श्रेया घोषाल का 'अनस्टॉपेबल टूर' बना यादगार सफर, बोलीं-'हर शहर से हमने काफी कुछ नया सीखा'
मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल इन दिनों अपने इंटरनेशनल म्यूजिक टूर 'अनस्टॉपेबल टूर' को लेकर चर्चा में हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हुए इस टूर के बाद श्रेया ने आईएएनएस से अपने अनुभव साझा किए और इसे अपने करियर के बड़े सफर की शुरुआत बताया।
आईएएनएस से बातचीत में श्रेया घोषाल ने कहा, ''यह अनुभव सच में शानदार रहा। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का कॉन्सर्ट मेरे 'अनस्टॉपेबल टूर' का सबसे यादगार फेज रहा। ऑकलैंड, पर्थ, सिडनी और मेलबर्न, हर शहर में जबरदस्त एनर्जी, प्यार, अपनापन, हंसी और जश्न जैसा माहौल था। मुझे लगता है कि इस कॉन्सर्ट के साथ 'अनस्टॉपेबल' और भी बेहतर हो गया है। हमने काफी कुछ नया सीखा है।''
श्रेया ने अपने टूर के दौरान हुए खास पलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''हर शहर में शो में कुछ न कुछ सरप्राइज जरूर थे, जिसने दर्शकों और मुझे दोनों को ही हैरान और खुश कर दिया। कभी स्थानीय कलाकार स्टेज पर शामिल हुए, तो कभी दर्शकों में से ही किसी को परफॉर्म करने का मौका मिला, जिससे हर शो अलग और खास बन गया।''
उन्होंने खास तौर पर सिडनी और मेलबर्न के अनुभव साझा किए। श्रेया ने बताया, ''सिडनी में मेरे गाने 'नगाड़ा संग ढोल' के दौरान एक डांसर ने शानदार परफॉर्म किया, जिसने शो की एनर्जी को दोगुना कर दिया। वहीं मेलबर्न में एक महिला ढोल प्लेयर ने स्टेज पर आकर परफॉर्म किया। ऐसे में पूरा माहौल जोश से भर दिया। इन पलों में सबसे खास बात यह रही कि महिलाओं की भागीदारी ने शो को और भी मैजिकल बना दिया।''
उन्होंने कहा, ''हर शो के साथ मुझे ऐसा महसूस होता है कि मेरा दर्शकों का परिवार और बड़ा हो रहा है। यह सिर्फ एक म्यूजिक टूर नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है, जो हर परफॉर्मेंस के साथ और गहरा होता जा रहा है। दर्शकों का प्यार और उनका साथ मुझे लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
श्रेया घोषाल ने कहा, "मैं इस पूरे सफर के लिए बेहद आभारी हूं, और मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे दुनिया भर में लोगों के साथ अपनी आवाज और संगीत साझा करने का मौका मिल रहा है। यह टूर अभी शुरुआत है, और आने वाले समय में यह यात्रा और भी बड़ी होने वाली है।"
--आईएएनएस
पीके/पीएम

