श्रावण मास के लिए नोएडा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में, प्रमुख मार्गों, चौराहों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर विशेष नजर
नोएडा, 3 अगस्त (आईएएनएस)। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर श्रावण मास के दौरान नोएडा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से सोमवार को थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। यह अभियान डीसीपी नोएडा साद मियां खान के निर्देशन तथा एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह की अगुवाई में पुलिस बल के साथ चलाया गया।
श्रावण मास के पहले सोमवार को मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों, अन्य पूजा स्थलों तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस द्वारा मंदिर परिसरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और लावारिस वस्तुओं की गहन जांच कराई गई। इसके अलावा मंदिरों के प्रवेश और निकास द्वारों पर निगरानी बढ़ाई गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने और भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नोएडा पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी लगातार निगरानी बनाए हुए है। जगह-जगह पुलिस की मोबाइल टीमें और पैदल गश्त कर रही हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस किया गया है।
प्रमुख मंदिरों के आसपास ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है, जिससे वाहनों का सुचारु संचालन बना रहे और श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। भीड़ बढ़ने की स्थिति में ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी तैयार रखी गई है। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
साथ ही मंदिरों में दर्शन के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि पूरे श्रावण मास के दौरान जिले के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सतर्क निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी चिंता के भगवान शिव की आराधना और पूजा-अर्चना कर सकें। इसके लिए पुलिस, यातायात विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रही हैं।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

