Samachar Nama
×

'पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए', श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा से जुड़े वायरल ऑडियो व वीडियो पर मां रंजना शर्मा की प्रतिक्रिया

'पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए', श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा से जुड़े वायरल ऑडियो व वीडियो पर मां रंजना शर्मा की प्रतिक्रिया
'पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए', श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा से जुड़े वायरल ऑडियो व वीडियो पर मां रंजना शर्मा की प्रतिक्रिया

लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 9 अक्टूबर 2026 को कैफे संचालक शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से गिरकर हुई मौत के मामले में उनकी मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा से जुड़े वायरल ऑडियो और वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पुलिस जांच को लेकर असंतोष जताया है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने कहा, "अलग-अलग जगहों से वीडियो अपलोड हुए हैं। पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए। अगर इस तरह के वीडियो बने थे, जो सर्कुलेट हुए हैं, तो पुलिस की इस पर क्या कार्रवाई है? सबसे चिंता की बात यह है कि अगर कहीं से वीडियो बनाए जा रहे थे, तो ऐसा क्यों हुआ? इसके बारे में पुलिस को जांच करनी चाहिए।"

रंजना शर्मा ने कहा, "शिवा बिजनेसमैन थे, हम लोगों के पास डेली के सोर्स ऑफ इनकम हैं। इतने बड़े स्तर पर हम लोगों का डेबिट और क्रेडिट नहीं है। जितनी की बातें की जा रही हैं, उतनी बड़ी कोई चीज नहीं थी, जिसके लिए कोई इतना सोचे और परेशान हो। शिवा के हाथ में कलम दिखाई दे रही है, उनसे कुछ लिखवाने की कोशिश की जा रही है। मेरे पास जो कुछ था, मैंने पुलिस को दे दिया है। मैं श्रद्धा को आरोपी मानती हूं।"

रंजना शर्मा ने कहा, "मुझे इंतजार है कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। अब मेरा सब्र भी टूट रहा है। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी हो जानी चाहिए थी। श्रद्धा को सही जगह पर आकर अपनी बात रखनी चाहिए। वीडियो के माध्यम से श्रद्धा पुलिस और लोगों को मिसलीड करने की कोशिश कर रही है। पुलिस की ओर से मिल रही जानकारी के अनुसार, श्रद्धा नेपाल में है।"

उन्होंने कहा, "प्रशासन से अनुमति लेकर कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इसके लिए अभी तक मुझे अनुमति नहीं मिली है। अनुमति मिलने के बाद हम लोगों की ओर से इस दिशा में प्रयास किया जाएगा। मेरा मानना है कि शिवा ने सुसाइड नहीं किया है, उनकी हत्या की गई है। मैं चाहती हूं कि जल्द से जल्द श्रद्धा की गिरफ्तारी की जाए।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story

Tags