Samachar Nama
×

शिक्षक गढ़ेंगे विकसित भारत की नींव, 25 करोड़ छात्रों का भविष्य संवार रहे 1 करोड़ 3 लाख से अधिक टीचर : प्रह्लाद जोशी

शिक्षक गढ़ेंगे विकसित भारत की नींव, 25 करोड़ छात्रों का भविष्य संवार रहे 1 करोड़ 3 लाख से अधिक टीचर : प्रह्लाद जोशी
शिक्षक गढ़ेंगे विकसित भारत की नींव, 25 करोड़ छात्रों का भविष्य संवार रहे 1 करोड़ 3 लाख से अधिक टीचर : प्रह्लाद जोशी

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और शिक्षा राज्य मंत्रियों ने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं और महान विद्वान, दार्शनिक और शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया है।

शिक्षा मंत्रालय ने प्रह्लाद जोशी का वीडियो संदेश 'एक्स' पोस्ट पर शेयर किया। वीडियो संदेश में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने डॉ. एस राधाकृष्णन को याद करते हुए देशभर के शिक्षकों के समर्पण और योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र से जुड़े 82 उत्कृष्ट शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इन सभी शिक्षकों की उपलब्धियां अलग-अलग हैं, लेकिन इनका उद्देश्य एक ही है कि अपने विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देना और उनका भविष्य उज्जवल बनाना। उन्होंने कहा कि इस बार सम्मानित किए जा रहे 82 शिक्षकों में स्कूल शिक्षण से 48, उच्च शिक्षण से 21, और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय से 13 शिक्षक शामिल हैं।

प्रह्लाद जोशी ने कहा, "यह सम्मान केवल उन 82 शिक्षकों तक सीमित नहीं है। यह देश के 1 करोड़ 3 लाख से अधिक शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करता है, जो हर दिन लगभग 25 करोड़ विद्यार्थियों तक शिक्षण पहुंचाते हैं और उनके भविष्य को दिशा दे रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं उन सभी राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को बधाई देता हूं, साथ ही देश के सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं, जिनके निरंतर प्रयास से हमारी आने वाली पीढ़ियां तैयार हो रही हैं। हमारा विश्वास है कि भारत के उज्जवल भविष्य की मजबूत नींव अच्छी शिक्षण और समर्पित शिक्षकों से ही तैयार होती है। हमारे शिक्षक जिस पीढ़ी को आज तैयार कर रहे हैं, वही आने वाले समय में भारत को नई ऊंचाई तक ले जाएगी और विकसित भारत में उनका योगदान रहेगा।"

मंत्री ने बताया कि पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों ने नवाचार, तकनीक, समावेशी शिक्षा, खेल, कला और कौशल के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

वहीं, केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार ने भी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। शिक्षा मंत्रालय ने उनके वीडियो संदेश को शेयर किया। वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, "एक शिक्षक का प्रभाव कक्षा से कहीं आगे तक जाता है- जिज्ञासा को बढ़ावा देना, आत्मविश्वास बनाना और युवा दिमागों को बेहतर भविष्य को आकार देने के लिए ज्ञान और मूल्यों के साथ सशक्त बनाना।"

सुकांत मजूमदार ने देशभर के शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और अमूल्य योगदान का जश्न मनाया, जो कल के नेताओं को आकार दे रहे हैं और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में मदद कर रहे हैं।

इसी कड़ी में केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने भी शिक्षक दिवस पर संदेश दिया। शिक्षा मंत्रालय ने उनके वीडियो संदेश को शेयर किया। वीडियो संदेश में उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को स्मरण करते हुए इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने वाले 82 उत्कृष्ट शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने देशभर के सभी शिक्षकों की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Share this story