शी चिनफिंग की डीपीआरके की राजकीय यात्रा का व्यापक महत्व
बीजिंग, 10 जून (आईएएनएस)। 8 से 9 जून तक, जनवादी कोरियाई लोकतांत्रिक गणराज्य (डीपीआरके) के राज्य मामलों के आयोग के अध्यक्ष किम जोंग उन के निमंत्रण पर, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने डीपीआरके की राजकीय यात्रा की। यात्रा की समाप्ति पर,सीपीसी केंद्रीय समिति के अंतर्राष्ट्रीय विभाग के प्रमुख लियू हाईशिंग ने साथ गए पत्रकारों को इस यात्रा के बारे में जानकारी दी।
लियू हाईशिंग ने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रपति शी चिनफिंग की सात वर्षों के बाद डीपीआरके की फिर से राजकीय यात्रा है और इस वर्ष की उनकी पहली विदेश यात्रा भी है। तेजी से बदलते सदी वाले परिवर्तनों और उथल-पुथल भरी अंतर्राष्ट्रीय स्थिति के सामने, दोनों पक्षों के शीर्ष नेताओं ने दूरदृष्टि से काम लेते हुए संयुक्त रूप से विकास की योजना बनाई और शांति को बढ़ावा दिया। इससे चीन-डीपीआरके पारंपरिक मित्रता को नए युगीन अर्थ और मजबूत गति मिली है, और चीन- डीपीआरके संबंधों के विकास के इतिहास में इसका महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा।
यात्रा के दौरान, दोनों पक्षों ने चीन- डीपीआरके संबंधों के विकास की महान योजना पर चर्चा की, दोनों देशों के समाजवादी कार्य के उज्ज्वल भविष्य पर विचार-विमर्श किया, और नई महत्वपूर्ण सहमतियां कायम कीं। जैसा कि किम जोंग उन ने शी चिनफिंग के साथ वार्ता में कहा, डीपीआरके की ओर से राष्ट्रपति शी चिनफिंग का सबसे सम्मानित अतिथि के रूप में, सबसे भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इन दृश्यों और हर मुस्कुराते चेहरे ने हमें डीपीआरके की ओर से राष्ट्रपति शी चिनफिंग की इस यात्रा के प्रति समर्पण और स्नेह पूरी तरह महसूस कराया। डीपीआरके वासियों की चीनी नागरिकों के प्रति हार्दिक मित्रता को महसूस कराया, और चीन- डीपीआरके पारंपरिक मित्रता की गहरी नींव और मजबूत आधार का अहसास कराया।
लियू हाईशिंग ने बताया कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों पर आधारित होते हुए भी वैश्विक महत्व रखती है, जिसने चीन- डीपीआरके संबंधों के लिए नई संभावनाएं खोली हैं और शांतिपूर्ण विकास के लिए सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है। घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने इस यात्रा की काफी सराहना की है और आम तौर पर माना है कि यात्रा का समय महत्वपूर्ण है, इसकी रणनीतिक महत्ता और प्रभाव द्विपक्षीय दायरे से कहीं अधिक है, जो चीन की एक बड़ी शक्ति के रूप में जिम्मेदारी और अंतर्राष्ट्रीय प्रभाव को पूरी तरह प्रदर्शित करता है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

