Samachar Nama
×

शी चिनफिंग ने कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट से की मुलाकात

शी चिनफिंग ने कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट से की मुलाकात
शी चिनफिंग ने कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेट से की मुलाकात

बीजिंग, 17 जुलाई (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शांगहाई के शिच्याओ होटल में कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट से मुलाकात की। हुन मानेट 2026 विश्व एआई सम्मेलन और एआई वैश्विक शासन पर उच्च स्तरीय बैठक में भाग लेने तथा कार्य यात्रा पर चीन पहुंचे हैं।

मुलाकात के दौरान शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और कंबोडिया हमेशा सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं और हर कठिन समय में एक-दूसरे का सहारा बने हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की अटूट मित्रता समय और चुनौतियों की कसौटी पर खरी उतरी है। इतिहास इस बात का गवाह है कि चीन-कंबोडिया मित्रता क्षणिक नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही एक अमूल्य धरोहर है।

शी चिनफिंग ने दोनों देशों के पूर्व नेताओं द्वारा स्थापित पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, रणनीतिक आपसी विश्वास को मजबूत करने, एकजुटता और सहयोग बढ़ाने तथा 'हीरा षट्भुज' सहयोग ढांचे को और समृद्ध करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को नए युग में साझा भविष्य वाले सर्वांगीण चीन-कंबोडिया समुदाय के निर्माण को नई ऊंचाई पर ले जाना चाहिए, ताकि दोनों देशों के लोगों को अधिक लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष कंबोडियाई जनवादी पार्टी की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ है। चीन, पार्टी और देश के शासन के अनुभव कंबोडिया के साथ साझा करने के लिए तैयार है और नए युग में दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विदेश, रक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के क्षेत्रों में '3+3' रणनीतिक संवाद तंत्र का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही, नकली सामान, तस्करी, ऑनलाइन जुआ और दूरसंचार धोखाधड़ी जैसे सीमा पार अपराधों पर संयुक्त रूप से सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि दोनों देशों के साझा हितों और सुरक्षा की रक्षा हो सके।

चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन, कंबोडिया के साथ मिलकर चार प्रमुख वैश्विक पहलों को आगे बढ़ाने और अधिक न्यायपूर्ण तथा समान वैश्विक शासन व्यवस्था के निर्माण के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कंबोडिया और थाईलैंड के बीच युद्धविराम को मजबूत करना और धीरे-धीरे आपसी विश्वास बहाल करना दोनों देशों के दीर्घकालिक हित में है। चीन दोनों देशों को संवाद और वार्ता के माध्यम से समाधान खोजने में सहयोग देता रहेगा और इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

प्रधानमंत्री हुन मानेट ने 2026 विश्व एआई सम्मेलन के सफल आयोजन पर चीन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तुत महत्वपूर्ण विचार और पहल कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक शासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कंबोडिया और चीन के बीच उच्च स्तरीय संपर्क लगातार मजबूत हुए हैं और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने कंबोडिया के आर्थिक और सामाजिक विकास में चीन द्वारा लंबे समय से दिए जा रहे निस्वार्थ सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

हुन मानेट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, चीन के साथ कंबोडिया की घनिष्ठ मित्रता और सहयोग की नीति नहीं बदलेगी। कंबोडिया साझा भविष्य वाले कंबोडिया-चीन समुदाय के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि कंबोडिया एक-चीन सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है और चीन के साथ मिलकर पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमतियों को लागू करने, राजनीतिक विश्वास को गहरा करने, द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में सहयोग करने तथा दूरसंचार धोखाधड़ी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags