शी चिनफिंग ने हरित विकास और पारिस्थितिक संरक्षण पर जोर दिया
बीजिंग, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने और हरित विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने 16 अक्टूबर को उत्तरी चीन के भीतरी मंगोलिया स्वायत्त प्रदेश के उलानकाब शहर के दौरे के दौरान यह बात कही।
शी चिनफिंग ने कहा कि हरित विकास उच्च गुणवत्ता वाले विकास का एक अहम हिस्सा है। इसके लिए उच्च गुणवत्ता वाले विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच बेहतर तालमेल बनाना जरूरी है। उन्होंने पहाड़ों, नदियों, जंगलों, खेतों, झीलों, घास के मैदानों और रेगिस्तानों के एकीकृत संरक्षण और व्यवस्थित प्रबंधन पर जोर दिया। साथ ही, कार्बन उत्सर्जन और प्रदूषण कम करने, हरित क्षेत्र बढ़ाने तथा आर्थिक विकास को पर्यावरण संरक्षण के साथ आगे बढ़ाने की बात कही।
दौरे के दौरान शी चिनफिंग ने उलानकाब के चहार क्षेत्र में स्थित हुआंगछिहाई झील का भी निरीक्षण किया। यह एक अंतर्देशीय झील है, जो जलवायु और अन्य कारणों से कभी सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। हालांकि, वर्षों तक किए गए व्यापक पर्यावरण प्रबंधन के बाद झील का जल क्षेत्र धीरे-धीरे बहाल हुआ और उसका विस्तार भी हुआ।
राष्ट्रपति शी ने हुआंगछिहाई प्राकृतिक संरक्षण क्षेत्र में स्थानीय अधिकारियों से पर्यावरण संरक्षण, झील के पुनरुद्धार और पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने झील के किनारों पर मौजूद प्राकृतिक पारिस्थितिकी और पक्षियों के आवासों का भी जायजा लिया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आर्द्रभूमियों के संरक्षण का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उनकी मूल पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखना है। इसके लिए प्रकृति का सम्मान करना, उसके अनुरूप काम करना और उसकी रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने आर्द्रभूमि संरक्षण कानून को पूरी तरह लागू करने और पारिस्थितिक संरक्षण की निर्धारित सीमाओं का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। साथ ही, पारिस्थितिकी तंत्र की गुणवत्ता और स्थिरता सुधारने तथा जैव विविधता को बनाए रखने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि जिन आर्द्रभूमियों का पारिस्थितिकी तंत्र कमजोर हो चुका है, वहां प्राकृतिक बहाली को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जरूरत के मुताबिक वैज्ञानिक तरीके से मानवीय हस्तक्षेप भी किया जा सकता है।
इसके बाद शी चिनफिंग ने चहार हाई-टेक डेवलपमेंट जोन का दौरा किया। उलानकाब प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और हाल के वर्षों में इसने हरित ऊर्जा, जलवायु और भौगोलिक स्थिति से जुड़े अपने फायदों का इस्तेमाल करते हुए हरित कंप्यूटिंग उद्योग के विकास में अच्छी प्रगति की है। हाई-टेक जोन के प्रदर्शनी हॉल में शी चिनफिंग ने 'ईस्ट डेटा, वेस्ट कंप्यूटिंग' परियोजना के प्रमुख केंद्र के निर्माण और हरित कंप्यूटिंग उद्योग को बढ़ावा देने के लिए भीतरी मंगोलिया में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
उन्होंने वैज्ञानिक योजना बनाने, संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि पूरी हो चुकी परियोजनाओं का कुशल संचालन सुनिश्चित किया जाए और आगे की परियोजनाओं का निर्माण तय समय पर पूरा किया जाए।
शी चिनफिंग ने मौके पर मौजूद परियोजना प्रमुखों, तकनीकी विशेषज्ञों और कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि कंप्यूटिंग पावर नेटवर्क चीन की राष्ट्रीय योजना के तहत विकसित किए जा रहे छह प्रमुख नेटवर्कों में से एक है। कंप्यूटिंग पावर उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी संबंधित पक्ष दक्षता, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन करेंगे।
साथ ही, कंप्यूटिंग और बिजली की आपूर्ति के बीच बेहतर तालमेल बनाएंगे तथा जल संसाधनों के कुशल इस्तेमाल पर भी ध्यान देंगे। उन्होंने कंप्यूटिंग केंद्रों के निर्माण और संचालन को बेहतर बनाने, हरित कंप्यूटिंग उद्योग को बढ़ावा देने और डिजिटल चीन के निर्माण के साथ-साथ नई गुणवत्ता वाली उत्पादकता के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इसके अलावा, शी चिनफिंग ने स्थानीय कृषि और पशुपालन उत्पादों की प्रदर्शनी का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख उत्पादों की किस्मों और गुणवत्ता की विशेषताओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, स्थानीय अधिकारियों को किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा उनकी समृद्धि को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/

