Samachar Nama
×

शनचन में चीनी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत पर विशेष प्रदर्शनी

शनचन में चीनी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत पर विशेष प्रदर्शनी
शनचन में चीनी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत पर विशेष प्रदर्शनी

बीजिंग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। 15 से 22 नवंबर तक दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर स्थित फिंगआन वित्तीय केंद्र में ‘पहाड़ और सागर साथ चमकें, सुंदरता सबकी साझा हो’ थीम के तहत एशिया-प्रशांत सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम और ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत में चीन’ विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई।

इसका आयोजन चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) और क्वांगतोंग प्रांतीय सरकार ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शनी में 200 से अधिक बेहतरीन कलाकृतियां पेश की गईं, जिन्होंने बड़ी संख्या में मेहमानों का ध्यान आकर्षित किया।

यह प्रदर्शनी चाइना मीडिया ग्रुप और चीन के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से तैयार लोकप्रिय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत में चीन’ पर आधारित है। इसमें 100 से अधिक जाने-माने चित्रकारों, सुलेख कलाकारों, अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के प्रतिनिधि उत्तराधिकारियों और पारंपरिक शिल्प के उस्तादों की 200 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं।

इनमें 80 से अधिक पारंपरिक कला और शिल्प रूप शामिल हैं, जैसे कि चीनी चित्रकला, सुलेख, मूर्तिकला, सिरेमिक, रेशम की कढ़ाई, फिलाग्री जड़ाई का काम, लकड़ी पर नक्काशी और छाया कठपुतली कला। ऊंचे प्रदर्शनी हॉल में करीने से सजाई गई ये कलाकृतियां चीन की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति की निरंतरता को खूबसूरती से दर्शाती हैं, साथ ही यह भी दिखाती हैं कि बदलते समय के साथ इसमें कौन-से नए आयाम जुड़े हैं।

इस प्रदर्शनी को देखने के लिए एपेक सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के राजनीतिक, व्यापारिक और शैक्षणिक जगत के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय संगठनों, प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों, राजनयिकों और कलाकारों ने भी हिस्सा लिया। चीनी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत से जुड़े शिल्प, चित्रकला और सुलेख की बारीकियों और उनमें छिपे गहरे भावों ने सभी को प्रभावित किया। इस दौरान मेहमानों ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उसे आगे बढ़ाने के लिए चीन की सोच और प्रयासों की भी सराहना की।

इसके अलावा, प्रदर्शनी में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के जरिए लोगों को चीनी पारंपरिक कला और शिल्प को करीब से जानने का मौका मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने इन गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विरासत के पारंपरिक उस्तादों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने 'थांग पाई' चीनी मिट्टी के बर्तनों पर रंगकारी की, पारंपरिक सुगंधित पाउच बनाए और चीनी पारंपरिक औषधियों की सुगंध को करीब से महसूस किया।

वहीं, विशाल छाया कठपुतली इंस्टॉलेशन के सामने तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस तरह, इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पारंपरिक चीनी शिल्प की खूबसूरती, उसकी जीवंतता और पूर्वी सौंदर्यबोध को करीब से समझने का अवसर मिला।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags