Samachar Nama
×

शस्त्र धारण करना रक्षा और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व : सीएम मोहन यादव

शस्त्र धारण करना रक्षा और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व : सीएम मोहन यादव
शस्त्र धारण करना रक्षा और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व : सीएम मोहन यादव

इंदौर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि शस्त्र धारण करना केवल शक्ति प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कष्ट दूर करने, नागरिकों की रक्षा करने और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व है। मुख्यमंत्री यादव ने विजयादशमी पर इंदौर की पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय सनातन संस्कृति, शौर्य, शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा देती है। शस्त्र धारण करना केवल शक्ति प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कष्ट दूर करने, नागरिकों की रक्षा करने और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां कालका की आराधना की तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत तलवार, भाला सहित अत्याधुनिक एके-47 और अन्य अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस वाहन, अश्वों का पूजन करने के साथ शस्त्रागार का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने कन्या पाद पूजन भी किया। कार्यक्रम में उन्हें महिला पुलिस दल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस समारोह में धार्मिक आस्था, शौर्य परंपरा और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का समन्वय देखने को मिला। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय तथा मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध के माध्यम से नारी शक्ति के सामर्थ्य का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की परंपरा से समृद्ध सनातन संस्कृति हमारे संस्कारों और जीवनशैली को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। हमारी परंपरा में शस्त्र को भी तिलक लगाकर श्रद्धा और पवित्रता के साथ पूजने का विधान है। यह शस्त्र के प्रति सम्मान के साथ उसके जिम्मेदार उपयोग की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने सामाजिक संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए सभी त्योहारों में सक्रिय सहभागिता की परंपरा विकसित की है। आज प्रदेशभर में पुलिस बलों द्वारा शासकीय स्तर पर शस्त्र पूजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन में अनुशासन के साथ प्रोत्साहन भी आवश्यक है। दण्ड से व्यवस्था कायम होती है, तो प्रोत्साहन और सम्मान से कार्य करने वालों का उत्साह बढ़ता है। मुख्यमंत्री यादव ने इंदौर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम

Share this story

Tags