शरद मल्होत्रा की 'घर वापसी', अब ओटीटी पर दिखाएंगे अदाकारी का दम
मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता शरद मल्होत्रा जल्द ही आगामी क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज 'एसीपी विक्रांत' में नजर आने वाले हैं। इसमें शरद मुख्य किरदार एसीपी विक्रांत का रोल निभा रहे हैं। यह उनका पहला क्राइम जॉनर प्रोजेक्ट है, जिसमें वे पूरी तरह से डार्क और खतरनाक दुनिया में कदम रखते दिखेंगे।
सीरीज को लेकर शरद ने अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने बताया कि यह शो बहुत गंभीर और इंटेंस है। इसमें कोई भी मजेदार या हल्का-फुल्का सीन नहीं है। यह पूरी तरह से एक मर्डर मिस्ट्री पर आधारित है।
शरद ने बताया, "आपने मुझे अब तक ज्यादातर रोमांटिक भूमिकाओं में देखा है, लेकिन इसमें आप मुझे गंभीर भूमिका में देखेंगे क्योंकि यह एक मर्डर मिस्ट्री शो है।"
शरद ने बताया कि सीरीज में उनका किरदार एक तेज-तर्रार, जिद्दी और सख्त पुलिस अधिकारी का है, जो बड़े-बड़े अपराधों, धोखे और जटिल जांच को सुलझाने में माहिर है। उन्होंने बताया, "सीरीज में विक्रांत का किरदार इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि वह एक सिंगल पिता हैं, जो पहले सस्पेंड हो चुके हैं और शराब की लत का शिकार भी हैं। ऐसे में वह अपराधी को पकड़ने की जंग लड़ते नजर आएंगे।"
शरद इस सीरीज के जरिए बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ दोबारा जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे घर वापसी बताया। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए घर वापसी जैसा है। मेरी जिंदगी के सबसे बड़े और जरूरी शो बालाजी टेलीफिल्म्स परिवार से ही आए हैं। एकता मैम ने मुझे इतने सारे किरदार दिए हैं, जिन्हें दर्शकों ने बहुत पसंद किया।"
इस सीरीज में शरद मल्होत्रा के साथ भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता विनय आनंद भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। दोनों कलाकारों के बीच स्क्रीन पर जबरदस्त केमिस्ट्री दिखने की उम्मीद है।
शरद ने बताया, "जब मुझे पता चला कि विनय आनंद भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं, तो मुझे यकीन हो गया था कि बहुत कुछ अच्छा होने वाला है। हम दोनों ही ऐसी अच्छी स्क्रिप्ट की तलाश में थे।"
उन्होंने आगे बताया, "टीम ने मिलकर बहुत अच्छा काम किया। विनय ने भोजपुरी इंडस्ट्री में अपना जादू बिखेरा है और हिंदी फिल्मों में भी काम किया है। मेरे लिए यह सच में बहुत अच्छा अनुभव रहा।"
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम

