शालीनता सादगी और अनुशासन भाजपा कार्यकर्ता की पहचान: शिव प्रकाश
जबलपुर/भोपाल, 9 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश का कहना है कि सादगी, शालीनता और अनुशासन भाजपा कार्यकर्ता की पहचान होना चाहिए। भाजपा ऐसा संगठन है जिसने अपनी विरासत से कभी समझौता नहीं किया।
जबलपुर में भाजपा संभागीय कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित विषय वक्ता कार्यशाला को संबोधित करते हुए शिवप्रकाश ने कहा कि हम एक विचार, एक लक्ष्य के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। कार्यकर्ताओं को गढ़ने के लिए प्रशिक्षण वर्ग आवश्यक हैं। अनुशासन हमारी कार्य पद्धति का हिस्सा है, अनुशासन से ही लक्ष्य हासिल होते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार कई जनहितैषी और कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इन जनहितैषी और जनकल्याणकारी योजनाओं ने लोगों की जिंदगी बदलने का कार्य किया है। इन योजनाओं ने लोगों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव लाया है। देश तेजी से तरक्की कर रहा है। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी के साथ योजनाओं के परिणामों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाकर बताएं कि भाजपा सरकारें किस प्रकार से जनता के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य कर रही हैं।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि सादगी, शालीनता और अनुशासन भाजपा कार्यकर्ता की पहचान होनी चाहिए। भाजपा संगठन ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। जनसंघ की स्थापना के समय से पार्टी की जो विचारधारा रही है, आज भी वही है। भाजपा अपने विचारधारा, राष्ट्र प्रथम की भावना के कारण ही आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता व एकात्म मानववाद पर आधारित एक विचारधारा है। भाजपा की संगठन शक्ति को और मजबूत करने के लिए समय-समय पर कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आवश्यक होता है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रशिक्षण से पार्टी संगठन सशक्त होता है। भाजपा ने अपने विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। भाजपा विचारधारा आधारित दल है और अपनी विचारधारा पर चलती है। अनुशाससित व समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की असली पहचान हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्ष 1952 में जनसंघ के गठन से शुरू हुई पार्टी की यात्रा अनवरत चल रही है। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से पार्टी आज वट वृक्ष बन चुकी है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को गढ़ने का कार्य किया जाता है। इसलिए पार्टी संगठन को आदर्श संगठन बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण अवश्यक है।
गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर ने प्रजेंटेशन के जरिए कार्यशाला के विषय वस्तु व कार्य योजना को प्रस्तुत किया। कार्यशाला में जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा एवं शहडोल संभाग के विषय वक्तागण उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएमटी

