शहडोल में एक करोड़ से ज्यादा के मादक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार
भोपाल 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर चल रही कार्रवाई के क्रम में शहडोल जिले में एक करोड़ से ज्यादा के मादक पदार्थों के साथ एक ट्रक को जब्त किया है। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा, ट्रक एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। बताया गया है कि रात्रि गश्त के दौरान थाना जयसिंहनगर पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक एवं खलासी से पूछताछ की। संदेह के आधार पर वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर ट्रक में रखी 18 बोरियों एवं 81 पैकेटों से कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजा प्राप्त हुआ, जिसे विधिवत जब्त किया गया।
साथ ही ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस ने ट्रक चालक एवं खलासी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के निवासी हैं। मामले में थाना जयसिंहनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। इसी तरह मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी बैंक खातों के दुरुपयोग, यूपीआई फ्रॉड एवं ऑनलाइन निवेश के नाम पर की जाने वाली ठगी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में विगत दो सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में साइबर अपराध से जुड़े प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी, अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा, ठगी की राशि को होल्ड कराने तथा पीड़ितों को राशि वापस दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाने की पुलिस ने ऑनलाइन रोबोट्रेड एप्लीकेशन के माध्यम से हुई 1 करोड़ 93 लाख रूपए की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया।
इसी तरह अनूपपुर के थाना जैतहरी पुलिस ने 91 लाख की साइबर धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी को कानपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया। आरोपी द्वारा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर फरियादी से राशि ट्रांसफर कराई गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 34 लाख की राशि होल्ड कराई है, जबकि 14 लाख रूपए से अधिक की राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई जा चुकी है। शेष राशि वापस कराने की कार्यवाही जारी है। प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी

