Samachar Nama
×

शाम कौशल के फिल्म इंडस्ट्री में 46 साल पूरे, कहा- जीवन के हर पड़ाव पर साथ देने वालों का शुक्रिया

शाम कौशल के फिल्म इंडस्ट्री में 46 साल पूरे, कहा- जीवन के हर पड़ाव पर साथ देने वालों का शुक्रिया
शाम कौशल के फिल्म इंडस्ट्री में 46 साल पूरे, कहा- जीवन के हर पड़ाव पर साथ देने वालों का शुक्रिया

मुंबई, 8 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता विक्की कौशल के पिता और एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल ने शनिवार को फिल्म इंडस्ट्री में 46 साल पूरे कर लिए। इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दिल की बात की।

शाम कौशल ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वे पंजाब से मुंबई रोजी-रोटी कमाने के लिए आए थे। उन्होंने यह भी बताया कि वह 8 अगस्त 1980 को 'मूवी स्टंट आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' के सदस्य बने थे, जिससे फिल्म इंडस्ट्री में उनके सफर की शुरुआत हुई थी।

अपने सफर को याद करते हुए शाम वीडियो में कहते हैं, "मैं हर दिन, हर पल भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं, लेकिन आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि 46 साल पहले, इसी दिन 8 अगस्त, 1980 को मुझे 'मूवी स्टंट्स आर्टिस्ट्स यूनियन' का सदस्य बनने का मौका मिला था। उसी दिन मैं इस फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बना था।"

शाम कौशल ने बताया कि कभी-भी एक्टिंग या फिल्म बनाना उनके प्लान का हिस्सा नहीं था। उन्होंने कहा, "मैं अपने गांव से यहां पर फिल्म इंडस्ट्री में आने के लिए नहीं आया था, बल्कि मैं तो रोजगार की तलाश में था। मुझे एक जगह नौकरी मिली थी, लेकिन इसे जारी नहीं रख सका था। मुझमें हीन भावना बहुत ज्यादा थी। फिर, कुछ दोस्तों और भगवान की मर्जी से, मैं इस फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बन गया।"

शाम ने उन लोगों को याद किया और उन दोस्तों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनकी मुश्किल घड़ी में उनकी आर्थिक रूप से मदद की थी, जब उसके पास यूनियन की मेंबरशिप फीस देने के पैसे भी नहीं थे।

उन्होंने कहा, "उस समय, यूनियन का सदस्य बनने के लिए मुझे 1,000 रुपए देने थे और मेरे पास उतने रुपए भी नहीं थे। मैं उन दोस्तों का बहुत आभारी हूं, जिन्होंने मुझे 100 या 200 रुपए उधार दिए ताकि मैं मेंबरशिप फीस भर सकूं। साथ ही, मैं उन होटल मालिकों का आभारी हूं, जिन्होंने मुझे मुफ्त में खाना खिलाया और उन दोस्तों का भी जिन्होंने मेरे कमरे का किराया भरने में मेरी मदद की।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं यूनियन के सभी स्टंटमैन, स्टंट डायरेक्टर और एक्शन डायरेक्टर का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझे काम सिखाया और मौके दिए। उन्हीं की वजह से मैं रोजी-रोटी कमा पाया और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सका। मई 1990 में मुझे एक्शन डायरेक्टर बनने का मौका मिला। मैं उन सभी प्रोड्यूसर और डायरेक्टर का आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया, मुझे काम और सीखने का मौका दिया।"

उन्होंने यह भी कहा, "फिल्म इंडस्ट्री बहुत अच्छी है, मुंबई और यहां के लोग बहुत अच्छे हैं। भगवान सभी को खुश और स्वस्थ रखें। आप सभी को प्यार। भगवान आप पर कृपा बनाए रखें।"

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम

Share this story