Samachar Nama
×

सीवर सफाई के दौरान सफाईकर्मी की मौत, नोएडा अथॉरिटी के कार्य में हुआ हादसा

सीवर सफाई के दौरान सफाईकर्मी की मौत, नोएडा अथॉरिटी के कार्य में हुआ हादसा
सीवर सफाई के दौरान सफाईकर्मी की मौत, नोएडा अथॉरिटी के कार्य में हुआ हादसा

नोएडा, 14 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गेझा में सीवर सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नोएडा अथॉरिटी की ओर से कराए जा रहे सीवर सफाई कार्य के दौरान एक सफाईकर्मी की सीवर के अंदर दम घुटने से मौत हो गई।

मृतक की पहचान शिवा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान सफाईकर्मी को बचाया नहीं जा सका।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को ग्राम गेझा स्थित सीवर लाइन की सफाई का कार्य नोएडा अथॉरिटी की ओर से कराया जा रहा था। इसी दौरान सफाईकर्मी शिवा सीवर के अंदर सफाई करने के लिए उतरा था। काफी समय तक जब वह बाहर नहीं आया तो मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची।

संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शिवा को सीवर से बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सीवर के भीतर जहरीली गैस होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जांच में यह भी देखा जाएगा कि सीवर सफाई के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा सफाईकर्मी को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags