Samachar Nama
×

सेवानिवृत्त जवानों के लिए नौकरी का अवसर, लगेगा विशेष रोजगार मेला

सेवानिवृत्त जवानों के लिए नौकरी का अवसर, लगेगा विशेष रोजगार मेला
सेवानिवृत्त जवानों के लिए नौकरी का अवसर, लगेगा विशेष रोजगार मेला

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। सेना में वर्षों तक देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों के लिए अब निजी कंपनियों में करियर बनाने का एक और अवसर मिलने जा रहा है। रक्षा मंत्रालय का पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) 20 नवंबर को गुरुग्राम में पूर्व सैनिकों के लिए विशेष रोजगार मेला आयोजित करेगा। इसमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए जवानों और अधिकारियों को विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे मिलने और अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का मौका मिलेगा।

रोजगार मेले में सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रशासन, रसद, स्वास्थ्य सेवा और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। यह आयोजन गुरुग्राम स्थित वायुसेना स्टेशन के 54 एएसपी में सुबह 7 बजे से शुरू होगा। इस पहल का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को सैन्य सेवा के बाद नागरिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार सेना में सेवा के दौरान हासिल किया गया अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी ज्ञान और कार्य का अनुभव निजी कंपनियों के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो सकता है। रोजगार मेले के जरिए कंपनियों को ऐसे अनुभवी और कुशल लोगों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं पूर्व सैनिक अपनी क्षमताओं और अनुभव के अनुरूप नई नौकरी तलाश सकेंगे। इस मेले में शामिल होने वाली कंपनियों के लिए पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

पंजीकरण कराने वाले नियोक्ता पूर्व सैनिकों के बायोडाटा देख सकेंगे और अपनी जरूरत के अनुसार योग्य उम्मीदवारों की पहचान कर सकेंगे। कंपनियां मेले के दौरान ही चुने गए उम्मीदवारों के साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया की योजना भी बना सकती हैं। इससे नौकरी तलाश रहे पूर्व सैनिकों और भर्ती करने वाली कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। पूर्व सैनिकों और नियोक्ताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है। इसके लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है।

यह विशेष रूप से पूर्व सैनिकों के लिए तैयार किया गया एआई आधारित रोजगार मंच है। इसके अलावा पुनर्वास महानिदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट ‘जॉब फेयर' विकल्प के जरिए भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। पूर्व सैनिकों और नियोक्ताओं, दोनों के लिए पंजीकरण निःशुल्क है।

बता दें कि पुनर्वास महानिदेशालय वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में पूर्व सैनिकों के लिए कुल 18 रोजगार मेले आयोजित कर रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से पूर्व सैनिकों को सैन्य सेवा के बाद रोजगार के नए अवसर देने के साथ-साथ उनके अनुभव और कौशल को नागरिक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गुरुग्राम में आयोजित होने वाला यह रोजगार मेला भी इसी पहल का हिस्सा है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share this story

Tags