मध्य प्रदेश के सिवनी में सर्राफा व्यापारी के मकान में लगी आग में छह लोग जिंदा जले
सिवनी, 9 नवंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में दीपावली की देर रात को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां के सर्राफा व्यापारी के मकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में 6 लोग जिंदा जल गए हैं। वहीं, परिवार के कई सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आग कैसी लगी इसकी पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सिवनी जिले के छपारा के महावीर वार्ड जैन मोहल्ले में रहने वाले सराफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में रात लगभग तीन बजे अचानक आग भड़क उठी। जिस समय आग लगी उस समय पूरा परिवार सो रहा था । आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप धारण कर लिया और मकान पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। घर के भीतर मौजूद लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे मगर कुछ लोग ही सुरक्षित बाहर निकाल पाए।
इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया जब तक आग पर नियंत्रण पाया जाता तब तक परिवार के छह लोग जिंदा जल चुके थे। वही घर के अंदर अन्य जो लोग थे उन्हें घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकल गया इन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया गया है कि घर के अंदर 10 लोग थे और यह मकान तीन मंजिल का है।दीपावली की रात को सभी लोग सोए थे और गहरी नींद में थे, तभी यह हादसा हो गया।चार लोगों को बाहर निकाल लिया गया है जबकि 6 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में चार महिलाएं और दो पुरुष हैं।अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है, सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है । इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे छपारा कस्बे में शोक की लहर व्याप्त है और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो रहे हैं, वहीं पुलिस बल भी तैनात है।
--आईएएनएस
एसएनपी

