Samachar Nama
×

सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने 'ऑपरेशन पवन' में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बुधवार को श्रीलंका स्थित इंडियन पीस कीपिंग फोर्स मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने यहां ऑपरेशन ‘पवन’ के दौरान शहीद हुए भारतीय सैनिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। दरअसल, भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीलंका के आधिकारिक दौरे पर हैं। यह श्रद्धांजलि-अर्पण कार्यक्रम उनके दो दिवसीय श्रीलंका दौरे के पहले दिन संपन्न हुआ।

बता दें कि बीते कई हफ्तों से भारतीय सेना का राहत व बचाव दल भी यहां श्रीलंका में मौजूद है। चक्रवात दित्वाह से बुरी तरह प्रभावित श्रीलंका में भारतीय सेना पीड़ित लोगों को आवश्यक उपचार दे रही है। वहीं दूसरी ओर, भारतीय सेना के इंजीनियर्स श्रीलंका की टूटी हुई सड़कों की मरम्मत कर रहे हैं। भारतीय सेना प्रमुख यहां महत्वपूर्ण सामरिक एवं सैन्य विषयों पर चर्चा करेंगे।

श्रीलंका यात्रा के पहले दिन जनरल द्विवेदी ने इंडियन पीसकीपिंग फोर्स मेमोरियल पर भारतीय सेना के उन वीर जवानों को नमन किया, जिन्होंने वर्ष 1987 से 1990 के बीच श्रीलंका में शांति, स्थिरता और क्षेत्रीय सद्भाव बनाए रखने के लिए चलाए गए ऑपरेशन पवन में सर्वोच्च बलिदान दिया। इंडियन पीसकीपिंग फोर्स के सैनिकों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा भारतीय सेना की पेशेवर उत्कृष्टता और क्षेत्रीय शांति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

इंडियन पीस कीपिंग फोर्स मेमोरियल, भारतीय सेना के अदम्य पराक्रम और वीरता की यादों को सहेजने वाला एक महत्वपूर्ण स्थल है। यह स्मारक उन सभी भारतीय सैनिकों के सम्मान में निर्मित है, जिन्होंने श्रीलंका में शांति स्थापना के प्रयासों के दौरान अपने प्राण न्योछावर किए।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि जनरल उपेंद्र द्विवेदी का यह दौरा भारत-श्रीलंका रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करेगा। साथ ही उनकी यह यात्रा सैन्य साझेदारी को गहराई देने तथा क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दो दिवसीय यात्रा के दौरान वे श्रीलंका के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और विभिन्न रणनीतिक एवं रक्षा सहयोग मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

इससे पहले भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी संयुक्त अरब अमीरात के आधिकारिक दौरे पर थे। उन्होंने 5 व 6 जनवरी को यूएई की यात्रा की। यात्रा के दौरान उन्होंने यहां यूएई नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों को संबोधित किया। संयुक्त अरब अमीरात के सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने वैश्विक सुरक्षा परिवेश में तेजी से हो रहे बदलावों, आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति और युद्धक्षेत्र में बढ़ती प्रौद्योगिकी की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share this story

Tags