सेना प्रमुख ने पूर्वोत्तर में सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा की
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा की है। वह 28 और 29 जुलाई को पूर्वी थिएटर के सैन्य गठन क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने पूर्वोत्तर की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, सैन्य तैयारियों और शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों की व्यापक समीक्षा की।
सेना प्रमुख ने मणिपुर की सुरक्षा स्थिति का आकलन किया, विभिन्न सैन्य संरचनाओं की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों से बाढ़ राहत अभियानों की प्रगति की भी जानकारी ली। सेना प्रमुख ने यहां नागरिक प्रशासन की सहायता में जुटे जवानों के प्रयासों की सराहना की है। दौरे के पहले दिन 28 जुलाई को सेना प्रमुख ने मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी। यहां सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने असम राइफल्स (दक्षिण), असम राइफल्स (पूर्व) तथा रेड शील्ड डिवीजन की परिचालन तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने राज्य में सुरक्षित और स्थिर वातावरण बनाए रखने के लिए भारतीय सेना और असम राइफल्स के समन्वित प्रयासों की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न सैन्य संरचनाओं और असम राइफल्स द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्र निर्माण तथा सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया। इस दौरान सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने अग्रिम क्षेत्रों में तैनात सैनिकों से बातचीत भी की।
उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जवानों की पेशेवर क्षमता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। वह इस दौरान असम भी गए और यहां सैन्य तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने असम में आई बाढ़ को देखते हुए शुरू किए गए बचाव व राहत कार्यों की जानकारी भी ली। सेना प्रमुख इंफाल के खुमान लम्पाक मुख्य स्टेडियम में आयोजित 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप समारोह में भी शामिल हुए। यह इंफाल चरण के उद्घाटन कार्यक्रम का समारोह था। समारोह में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, मुख्यमंत्री वाई. के. सिंह तथा सेना और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
देश का कप के नाम से लोकप्रिय डूरंड कप खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। सेना प्रमुख की उपस्थिति ने खेलों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने, समुदायों के बीच संवाद बढ़ाने और पूर्वोत्तर के लोगों तथा भारतीय फुटबॉल के बीच संबंधों को मजबूत करने की भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
सेना प्रमुख ने 29 जुलाई को दाओ डिवीजन और स्पीयरहेड डिवीजन की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्हें क्षेत्र की परिचालन स्थिति, सैन्य तैयारियों और जारी बाढ़ राहत अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने सभी सैन्य कर्मियों की ओर से नागरिक प्रशासन को दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए इस कार्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखने का आह्वान किया।
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार सेना प्रमुख का यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र में भारतीय सेना की उच्च स्तर की परिचालन तैयारी, शांति एवं स्थिरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता तथा प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिक प्रशासन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के संकल्प को दर्शाता है।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी

