सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ की चेक गणराज्य यात्रा, रक्षा उत्पादन व सहयोग पर फोकस
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य के रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बातचीत की है। इस दौरान दोनों देशों ने रक्षा क्षेत्र में औद्योगिक क्षमताओं, आपसी सहयोग की संभावनाओं और उद्योगों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर विचार साझा किए।
चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर गए जनरल धीरज सेठ ने अंतर-सरकारी सहयोग एजेंसी (एएमओएस) के उप महानिदेशक, चेक गणराज्य के रक्षा एवं सुरक्षा उद्योग संघ (एओबीपी) के उपाध्यक्ष और वहां के रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। सेना प्रमुख की यह यात्रा संपन्न हो चुकी है। चेक गणराज्य में हुई इस मुलाकात में भारत और चेक गणराज्य की रक्षा उत्पादन क्षमताओं पर चर्चा हुई। साथ ही, दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सीधे संपर्क और सहयोग को आगे बढ़ाने के रास्ते तलाशे गए।
इस बातचीत का उद्देश्य दोनों देशों की औद्योगिक क्षमताओं का बेहतर इस्तेमाल करना और रक्षा क्षेत्र में साझेदारी के नए अवसर तलाशना रहा। इन बैठकों से रक्षा उद्योग के क्षेत्र में भारत और चेक गणराज्य के बीच सहयोग को और व्यापक बनाने की साझा प्रतिबद्धता भी सामने आई। अपनी यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य में भारत के राजदूत रवीश कुमार के साथ वहां की विदेश मामलों की उप मंत्री मैरी चार्डोवा से भी मुलाकात की। इस दौरान भारत-चेक गणराज्य संबंधों और साझा हितों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा उद्योग सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग के नए अवसर तलाशने और लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने की प्रतिबद्धता दोहराई। जनरल धीरज सेठ की इन बैठकों को भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा उद्योग के साथ-साथ व्यापक द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य के सशस्त्र बलों के मुख्यालय का दौरा भी किया था।
इस यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ ने चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र चेपेल्का से मुलाकात की। दोनों सैन्य अधिकारियों के बीच बदलते वैश्विक सुरक्षा हालात पर वार्ता हुई। यहां भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों की सेनाओं के बीच पेशेवर सैन्य आदान-प्रदान को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
जनरल धीरज सेठ को यहां लैंड वॉर के आधुनिकीकरण और भविष्य की तैयारियां पर विस्तृत जानकारी भी दी गई। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 16 नवंबर से 19 नवंबर तक चेक गणराज्य के आधिकारिक दौरे पर थे। इस चार दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना और रक्षा तकनीक एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं तलाशना था।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी

