Samachar Nama
×

सेना की एडवेंचर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट टीम ने शुरू किया राष्ट्रीय हवाई अभियान

सेना की एडवेंचर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट टीम ने शुरू किया राष्ट्रीय हवाई अभियान
सेना की एडवेंचर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट टीम ने शुरू किया राष्ट्रीय हवाई अभियान

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस) भारतीय सेना ने राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभक्ति और साहसिक अभियान का अनूठा संगम पेश किया है। इस खास मौके पर भारतीय सेना की एडवेंचर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट टीम ने 16 नवंबर को गया से एक विशेष राष्ट्रीय हवाई अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत सेना की टीम माइक्रोलाइट विमानों से 4,424 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और देश के 35 अलग-अलग स्थानों से गुजरेगी।

भारतीय सेना के अनुसार इस लंबी हवाई यात्रा का समापन 9 दिसंबर 2026 को बेंगलुरु में होगा। भारतीय सेना की इस पहल का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को याद करना और इसके संदेश को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाना है। सेना की एडवेंचर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट टीम इस अभियान के जरिए आसमान में भारत की एकता, राष्ट्रीय गौरव और अदम्य साहस का संदेश देगी।

सेना की एडवेंचर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट टीम द्वारा गया से शुरू की गई यह यात्रा देश के 35 गंतव्यों को जोड़ते हुए बेंगलुरु तक पहुंचेगी। 4,424 किलोमीटर की यह हवाई दूरी अभियान के व्यापक स्वरूप और इसमें शामिल साहसिक चुनौती को दर्शाती है। माइक्रोलाइट विमान आकार में छोटे और हल्के होते हैं। इनके जरिए लंबी दूरी की हवाई यात्रा करना विशेष तैयारी, उड़ान कौशल और साहस की मांग करता है।

भारतीय सेना के इस अभियान को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके मार्ग में शामिल सभी 35 स्थानों और उड़ान में भाग लेने वाले विमान स्थानीय लोगों में देशभक्ति का जज्बा व गर्व की अनुभूति कराते हुए गुजरेंगे। यह अभियान केवल एक हवाई यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान और देश की एकता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का भी माध्यम है।

गौरतलब है कि 'वंदे मातरम्' भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रगीत है। इसके 150 वर्ष पूरे होने पर भारतीय सेना की यह पहल देशवासियों को इसके ऐतिहासिक महत्व और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का एक प्रयास है। रक्षा विशेषज्ञों ने इस अभियान को भारत की एकता, राष्ट्रीय गौरव और साहसिक भावना का प्रतीक बताया है।

16 नवंबर से 9 दिसंबर तक चलने वाला यह अभियान करीब 24 दिनों में 35 गंतव्यों को जोड़ते हुए 4,424 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। बेंगलुरु में इसके समापन के साथ भारतीय सेना का यह विशेष हवाई अभियान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के समारोह को एक यादगार रूप देगा। भारतीय सेना ने इस अवसर पर संदेश दिया है- 'वंदे मातरम् : एक स्वर, एक भावना, एक भारत।'

--आईएएनएस

पीएम

Share this story

Tags