कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया, आतंकी बनने से पहले था बढ़ई, फुटेज में देंखे CRPF चौकी पर हमले में 3 जवान हुए थे घायल
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लतीफ आतंकी संगठन में शामिल होने से पहले बढ़ई का काम करता था। वह पिछले साल 17 नवंबर को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। इसके दो दिन बाद 19 नवंबर को उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2025 में लापता होने के बाद से लतीफ सुरक्षाबलों और आम नागरिकों पर हुए कई हमलों में शामिल रहा था। लश्कर में शामिल होने के बाद उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुई थी।
मजदूरों और पुलिसकर्मी की हत्या में आया था नाम
लतीफ का नाम इसी साल 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या के मामले में भी सामने आया था। इसके अलावा 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की हत्या और अमरनाथ यात्रियों पर हमले की नाकाम कोशिश के पीछे भी उसके शामिल होने की आशंका जताई गई थी।सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ अपने साथी आतंकी उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की चौकी पर हुई फायरिंग में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे।
16 नवंबर को हुई मुठभेड़ में बच निकला था लतीफ
सीआरपीएफ चौकी पर हमले के बाद सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों की तलाश शुरू कर दी थी। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस ने दोनों को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भागने में कामयाब हो गया था।हालांकि, मुठभेड़ के दौरान लतीफ के पैर में गोली लग गई थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया। घायल होने के बावजूद उसके फरार होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी तलाश कर रही थीं।
मस्जिद में छिपे होने की मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर की मुठभेड़ दो दिन बाद सुरक्षाबलों को लतीफ के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया।कुलगाम में लगातार चलाए जा रहे अभियान के दौरान आखिरकार सुरक्षाबलों ने लतीफ को मार गिराया। सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड में उसे कई हमलों से जुड़ा आतंकी बताया गया था।लतीफ के मारे जाने को सुरक्षाबलों के लिए महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है, क्योंकि वह पिछले कई महीनों से सुरक्षा एजेंसियों की तलाश में था। उसके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों को लेकर आगे की जांच की जा सकती है।

