मस्जिद में छिपे लश्कर आतंकी लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने किया ढेर, वीडियो में जाने एनकाउंटर से पहले वीडियो कॉल पर कहा- सरेंडर नहीं करूंगा
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को बुधवार को मुठभेड़ में मार गिराया। वह सुरक्षाबलों से बचने के लिए एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल कर आत्मसमर्पण करने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारी और आतंकी के बीच बातचीत भी हुई। लतीफ ने कहा कि वह अल्लाह से मुलाकात करना चाहता है और आत्मसमर्पण नहीं करेगा।
सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की चौकी पर हुई फायरिंग में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद से ही लतीफ और उसका साथी उमर निसार डार फरार चल रहे थे। सुरक्षाबलों ने दोनों की तलाश में लगातार अभियान चलाया हुआ था।
वीडियो कॉल पर पुलिस अधिकारी ने समझाया
मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने मस्जिद में छिपे लतीफ भट से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया। पुलिस अधिकारी ने उसे समझाते हुए कहा, 'हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।' अधिकारी ने उसे हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की।इस पर लतीफ ने जवाब दिया, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।' इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान जारी रखा और आखिरकार उसे मार गिराया।
16 नवंबर को मारा गया था दूसरा आतंकी
इससे पहले 16 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके के लारू क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को घेर लिया था। इस दौरान हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, लेकिन लतीफ भट मौके से भागने में कामयाब हो गया था।बताया गया कि इस मुठभेड़ में लतीफ के पैर में गोली लगी थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया था। सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी तलाश कर रही थीं।
मस्जिद में छिपे होने की मिली थी सूचना
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया। करीब दो दिन बाद सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली कि लतीफ देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया। इसी दौरान उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया गया, लेकिन उसने इनकार कर दिया।
सीआरपीएफ प्रमुख की पोस्ट भी चर्चा में
लतीफ भट के मारे जाने के बाद सीआरपीएफ प्रमुख ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गई। उन्होंने मुठभेड़ का सीधे तौर पर जिक्र किए बिना एक्स पर लिखा, 'बधाई हो दोस्तों! कुछ व्यंजन ठंडे परोसे जाने पर ही सबसे अच्छे लगते हैं, वो भी ठंड के मौसम में।'उनकी इस पोस्ट को कुलगाम में आतंकी के खिलाफ हुई कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए अभियान जारी रखा है।

