Samachar Nama
×

श्रावण के पहले सोमवार महाकाल के दर पहुंची रीमा मुखर्जी, बोली- बाबा की कृपा से आने का मौका मिला

श्रावण के पहले सोमवार महाकाल के दर पहुंची रीमा मुखर्जी, बोली- बाबा की कृपा से आने का मौका मिला
श्रावण के पहले सोमवार महाकाल के दर पहुंची रीमा मुखर्जी, बोली- बाबा की कृपा से आने का मौका मिला

उज्जैन, 3 अगस्त (आईएएनएस)। श्रावण माह के पहले सोमवार को उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दरबार में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस भीड़ में फिल्म 'गदर' फेम अभिनेत्री रीमा मुखर्जी भी शामिल थीं। अभिनेत्री ने सुबह-सुबह बाबा की भस्म आरती में हिस्सा लिया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि गर्भगृह में माथा टेकने के बाद अभिनेत्री काफी देर तक नंदी हॉल में हाथ जोड़कर ध्यानमग्न रहीं। इस अवसर पर उन्होंने सुनहरे रंग का सूट पहना हुआ था।

दर्शन करने के बाद अभिनेत्री काफी प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया, "यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लगा। बाबा की कृपा है कि सावन के पहले सोमवार में हमें आने का मौका मिला। हालांकि, मैंने पहले से ही सोच रखा था कि इस माह में आऊंगी। मैं चाहती हूं महाकाल की कृपा सभी पर बनी रहे। बाबा के अद्भुत दर्शन हुए, जिसे मैं भूल नहीं सकती हूं और शब्दों में बयां करना मेरे लिए बेहद मुश्किल हैं। मैं चाहती हूं कि बाबा हम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।"

उन्होंने अपने प्रोजेक्ट के बारे में बताते हुए कहा, "अभी मेरी नई वेब सीरीज आ रही है और 'गदर-2' तो मेरी बहुत शानदार रही थी। 'गदर-3' पर भी काम चल रहा है। फिल्म बनेगी तो मेरा रोल भी होगा। बस महाकाल की कृपा हम पर बनी रहे।"

उज्जैन के बाबा महाकालेश्वर मंदिर में सावन के पहले सोमवार पर विशेष भस्म आरती, भांग का अलौकिक श्रृंगार और शाम को चंद्रमौलेश्वर स्वरूप की भव्य सवारी निकाली गई। तड़के मंदिर के पट खोले गए जहां हजारों भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।

रीमा मुखर्जी ने फिल्म 'गदर 2' में 'सोहनी' का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उत्कर्ष शर्मा के साथ उनके सोहनी-महिवाल वाले नाटकीय दृश्य को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था। इससे पहले अभिनेत्री एमएक्स प्लेयर की वेब सीरीज 'द रेड लैंड' (2019) और हिंदी फिल्म 'लाइफ बिरयानी' (2016) में भी नजर आ चुकी हैं।

--आईएएनएस

एनएस/एएस

Share this story