Samachar Nama
×

सावित्री ठाकुर ने शेखावत से की मुलाकात, मां वाग्देवी की प्रतिमा लंदन से वापस लाने की मांग

धार, 28 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के धार से सांसद और केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। उन्होंने लंदन म्यूजियम से मां वाग्देवी की प्रतिमा को वापस लाकर धार की ऐतिहासिक भोजशाला में फिर से स्थापित करने का अनुरोध किया। इस पर केंद्र सरकार ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने के प्रयासों का आश्वासन दिया और जून में धार का दौरा करने पर सहमति जताई।

सावित्री ठाकुर ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने मंत्री शेखावत से खास तौर पर यह अनुरोध किया है कि लंदन संग्रहालय में रखी मां वाग्देवी की प्रतिमा को भारत वापस लाया जाए और उसे धार स्थित भोजशाला में फिर से स्थापित किया जाए। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक प्रतिमा का मामला नहीं है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत और आस्था से जुड़ा बहुत बड़ा विषय है।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में लंबे समय से प्रयास चल रहे हैं। 2014 से पहले भी इस मुद्दे पर कई बार चर्चा हुई थी और अलग-अलग स्तर पर कोशिशें की गई थीं। अब एक बार फिर से इसे गंभीरता से आगे बढ़ाने की जरूरत है। उनके अनुसार, जब से वे राजनीतिक जीवन में आई हैं, तब से ही भोजशाला और उससे जुड़ी परंपराओं से उनका जुड़ाव रहा है।

सावित्री ठाकुर ने यह भी बताया कि इस विषय पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी चर्चा हुई है और राज्य सरकार भी इस दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों मिलकर इस सांस्कृतिक धरोहर को वापस लाने के लिए काम कर रहे हैं।

मंत्री शेखावत के साथ हुई बैठक के दौरान उन्हें यह भी आश्वासन मिला कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने की दिशा में सरकार पूरी तरह गंभीर है। साथ ही, यह भी तय हुआ है कि वे जून महीने में धार का दौरा करेंगे और भोजशाला से जुड़े मुद्दों को करीब से समझेंगे।

सावित्री ठाकुर ने कहा कि अदालत के फैसलों और ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर भोजशाला को एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल के रूप में देखा जाता है। ऐसे में मां वाग्देवी की प्रतिमा की वापसी लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ विषय है।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह प्रतिमा वापस आती है तो इसे सिर्फ भोजशाला में स्थापित करना ही नहीं, बल्कि वहां एक भव्य सांस्कृतिक परिसर विकसित करने की भी योजना होनी चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग भारतीय संस्कृति को बेहतर तरीके से समझ सकें।

--आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी

Share this story

Tags