Samachar Nama
×

सौरव दास विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे, केंद्र ने हाईकोर्ट में बताया- जारी हुआ लुकआउट सर्कुलर

सौरव दास विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे, केंद्र ने हाईकोर्ट में बताया- जारी हुआ लुकआउट सर्कुलर

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर पाएंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। सरकार के अनुसार, उनके पासपोर्ट में कई जानकारियां अधूरी और अलग-अलग पाई गई हैं।

केंद्र ने कोर्ट को बताया कि सौरव के पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली है। इसके अलावा जन्मस्थान, शैक्षणिक योग्यता और पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर मिला है। सरकार का कहना है कि इन विसंगतियों के कारण उनकी नागरिकता पर भी सवाल उठ सकते हैं।

दरअसल, 23 नवंबर को सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। उन्हें ब्रिटेन के एक कार्यक्रम में 'कॉकरोच मूवमेंट' के बारे में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। इसके बाद 24 नवंबर को उन्होंने विदेश यात्रा पर रोक लगाने के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

दास के वकील बोले- पहले नहीं दी गई नोटिस की जानकारी

सुनवाई के दौरान सौरव दास के वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि उनके मुवक्किल को लुकआउट सर्कुलर जारी होने या विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद नोटिस दिया गया। इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया था।

वकील ने अदालत से लुकआउट नोटिस जारी करने का कारण बताने और उसकी कॉपी उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर केंद्र सरकार ने कहा कि नोटिस की कॉपी साझा नहीं की जा सकती। हालांकि, अब सौरव को इसकी जानकारी दे दी गई है और वे कानूनी रूप से इसे चुनौती दे सकते हैं।

सरकार ने कहा- पासपोर्ट रद्द नहीं किया, सिर्फ यात्रा पर रोक

केंद्र सरकार ने कोर्ट को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे सौरव दास को नोटिस भेजा गया था। इसके चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली कथित गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए उन्हें 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया कि सौरव का पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है। फिलहाल उन्हें केवल विदेश यात्रा नहीं करने के लिए कहा गया है।

सौरव का आरोप- भाजपा समर्थक सोशल मीडिया हैंडल ने पासपोर्ट लीक किया

सौरव दास ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उनका पासपोर्ट लीक कर दिया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विदेश मंत्रालय नागरिकों के पासपोर्ट की निजी जानकारी इस तरह सार्वजनिक किए जाने को सामान्य मानता है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या किसी व्यक्ति की निजी जानकारी सार्वजनिक करना कानूनी हो गया है।

ऑक्सफोर्ड में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बोलने के लिए मिला था निमंत्रण

सौरव दास ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर बताया था कि उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' के विषय पर चर्चा करने के लिए ब्रिटेन जाना था। उनकी फ्लाइट 23 नवंबर की रात करीब 1 बजे दिल्ली से लंदन के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।

उनके मुताबिक, ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबरा जैसे संस्थानों से उन्हें इस विषय पर बातचीत के लिए आमंत्रण मिला था।

हालांकि, उपलब्ध आधिकारिक कार्यक्रम सूची के अनुसार, 1 दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक पैनल चर्चा आयोजित होनी है, जिसमें सौरव दास को शामिल होने के लिए बुलाया गया है। ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का आधिकारिक हिस्सा नहीं है।

Share this story

Tags