Samachar Nama
×

सत्य निकेतन हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख, बोलीं- 'प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना'

सत्य निकेतन हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख, बोलीं- 'प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना'
सत्य निकेतन हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख, बोलीं- 'प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना'

नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से पोस्ट कर लिखा, "दिल्ली में एक इमारत गिरने की दुर्घटना से मुझे बहुत दुख पहुंचा है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

दरअसल, रविवार को दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।

हादसे के बाद से ही राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आधुनिक कैमरों और उपकरणों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। फंसे हुए लोगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए सिलेंडर अंदर भेजे गए हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं घटनास्थल दौरा किया। उनके साथ मंत्री कपिल मिश्रा, स्थानीय विधायक और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी दिल्ली की मुख्यमंत्री से बात कर हालात का जायजा लिया था और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया था। उन्होंने एम्स नई दिल्ली और केंद्र सरकार के अस्पतालों को घायलों के इलाज के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story