Samachar Nama
×

अखिलेश यादव के वादे पर भड़के भाजपा सांसद बृजलाल, बोले- आपने बुद्ध और बाबा साहेब का अपमान किया

अखिलेश यादव के वादे पर भड़के भाजपा सांसद बृजलाल, बोले- आपने बुद्ध और बाबा साहेब का अपमान किया
अखिलेश यादव के वादे पर भड़के भाजपा सांसद बृजलाल, बोले- आपने बुद्ध और बाबा साहेब का अपमान किया

लखनऊ, 7 सितंबर (आईएएनएस)। सारनाथ और कुशीनगर समेत बौद्ध सर्किट के विकास को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के दावे पर भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार ने सिर्फ सैफई का विकास किया, जबकि बौद्ध स्थलों और बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास भाजपा सरकार कर रही है। बृजलाल ने अखिलेश यादव पर बुद्ध और अंबेडकर के अपमान से लेकर दंगों और तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

बृजलाल ने कहा, "अखिलेश यादव सरकार ने दिखा दिया है कि केवल वो सैफई का विकास चाहते हैं। हमारी सरकार ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया। आपने कभी सोचा? इसके अलावा सारनाथ का भी विकास किया जा रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा और उनके अंतरराष्ट्रीय प्रभाव के कारण बुद्ध अवशेषों की नीलामी नहीं हो पाई। अखिलेश यादव, आप दिल्ली जाइए तो वहां राय पिथौरा फोर्ट है, वहां एक बहुत शानदार पर्यटन स्थल बनाया गया है, जहां बुद्ध के अवशेष प्रदर्शित हैं। उस समय के और 1972 में हुई खुदाई के समय मिले अवशेष भी। बहुत भव्य स्थल बनाया गया है। ये सरकार बुद्ध सर्किट पर ध्यान दे रही है और आपके कार्यकाल की याद दिला दूं, यहीं लखनऊ में बुद्ध की मूर्ति तोड़ दी गई थी। लोग बुद्ध की मूर्ति तोड़ते हुए हजरतगंज होते हुए विधानसभा मार्ग तक आ गए थे। याद है?"

भाजपा सांसद ने कहा कि आपके समय में बुद्ध का अपमान होता था। दूसरा, गौतम बुद्ध के धर्म को हमारे बाबा साहेब ने अपनाया था और तमाम दलितों ने बौद्ध धर्म अपनाया है। लखनऊ में ही डॉ. भीमराव अंबेडकर ग्रीन गार्डन बना था, जिसकी पट्टिका को आपने फेंक दिया और जनेश्वर मिश्रा पार्क बना दिया। तो सबसे ज्यादा अपमान तो आपने बाबा साहेब का किया है। भाजपा की सरकार है, जिसने बाबा साहेब के नाम पर पंचतीर्थ बनाए। आपने कभी पंचतीर्थ के बारे में सोचा? आपके पिताजी भारत सरकार में रहे हैं। क्या आपने पंचतीर्थ बनवाया? हमने लंदन में बनवाया, चैत्य भूमि मुंबई में बनवाया, जन्मस्थल महू में बनवाया, दीक्षा स्थल नागपुर में बनवाया। बाबा साहेब से जुड़े जितने भी स्थल हैं, उन सभी को हमने विकसित किया है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ झूठा नैरेटिव बनाते हैं। सबसे ज्यादा अपमान तो आपने ही किया है, बुद्ध का भी और भीमराव अंबेडकर का भी। कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर पर था, आपने उनका नाम हटवा दिया। दलित संतों के नाम पर बने स्थलों के नाम बदल दिए और आज नैरेटिव दे रहे हैं कि आप आएंगे तो विकास करेंगे। आपका विकास हम जानते हैं। असली विकास तो अभी हो रहा है।

सहारनपुर मस्जिद विवाद को लेकर सपा प्रमुख की टिप्पणी पर भाजपा सांसद ने कहा कि ध्रुवीकरण तो अखिलेश यादव खुद करते हैं। अखिलेश यादव, भूल गए कि आपके चाचा ने संसद में कहा था कि जो लोग बाबरी मस्जिद के गुंबद पर चढ़े थे, वे उतर नहीं पाए, उन्हें चिपका दिया गया। उन्होंने कहा था, चाहे कुछ भी कहो, वोट दो या न दो, लेकिन हमने किया, हमने कारसेवकों पर गोली चलवाई। मुलायम सिंह जी हर मीटिंग में कहा करते थे कि मैंने गोली चलवाई, 32 लोगों को मरवा दिया और जरूरत पड़ती तो और लोगों को भी मरवा देते। तो दंगा-फसाद तो आप करवाते थे। आपके राज में हमेशा दंगे-फसाद होते थे।

उन्होंने कहा कि आपके राज में शामली में दंगा हुआ, मुजफ्फरनगर में दंगा हुआ। उस समय आपकी फोर्स दंगों को कंट्रोल नहीं कर पाई थी, तब किसे लाना पड़ा था? सेना को लाना पड़ा था। अखिलेश यादव, आपके समय में हमेशा दंगे-फसाद होते थे और दंगों के बाद आपके मुंह से ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं। आपके पिता ने 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को गोलियां चलवाईं। बहराइच में दंगा हुआ, बिजनौर में दंगा हुआ, सैकड़ों लोग मारे गए। प्रदेश का कोई जिला ऐसा नहीं था, जहां दंगा न हुआ हो। आज प्रदेश में दंगा-मुक्त सरकार है, कहीं कोई दंगा नहीं हो रहा है, इसलिए आपको ध्रुवीकरण की बात नहीं करनी चाहिए।

--आईएएनएस

केके/एबीएम

Share this story

Tags