हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह के बाद कामाख्या मंदिर पहुंचे एनडीए नेता, कहा- असम में विकास कार्य जारी रहेंगे
गुवाहाटी, 12 मई (आईएएनएस)। असम में हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने वाले सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। शपथ ग्रहण के बाद कई प्रमुख भाजपा नेताओं ने कामाख्या मंदिर पहुंचकर मां कामाख्या के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
समारोह में शामिल केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर में दर्शन करने में बहुत अच्छा लगा। आज बहुत ही खुशी का दिन है। हिमंता बिस्वा सरमा को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला, जिसमें मैं भी शामिल हुआ। हम असम की जनता और सरकार को बधाई देना चाहते हैं।"
नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने असम में अभूतपूर्व विकास किया है। "हमने गुवाहाटी एयरपोर्ट का बहुत ही आधुनिक टर्मिनल बनाया है। असम अब एक हब के रूप में उभरा है। यहां रोजगार के अवसर बढ़े हैं और इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है। अगले पांच वर्षों में भी इसी गति से विकास जारी रहेगा। केंद्र सरकार, खासकर नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से हरसंभव सहायता दी जाएगी।"
पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों पर नायडू ने कहा कि एनडीए के लिए यह बेहतर परिणाम रहा है। "पूरे देश में लोग एनडीए की सरकार चाहते हैं। डबल इंजन सरकार हर जगह बने, इसका प्रभाव बंगाल में भी दिखा। बंगाल का चुनाव सिर्फ राज्य नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण था। सुवेंदु अधिकारी एक अच्छे नेता हैं। उनके मार्गदर्शन में बंगाल का तेज विकास होगा। यह अच्छी शुरुआत है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "असम में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनी है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में गरीब कल्याण योजनाओं ने जन-जन का विश्वास जीता है। कोलकाता हो या गुवाहाटी, अपना देश अपनी माटी। हिमंता सरमा जनता की आकांक्षाओं पर खरे उतरे हैं।"
बंगाल चुनाव पर ब्रजेश पाठक ने कहा, "आजादी के बाद पश्चिम बंगाल में बहुत लंबे समय से इंतजार था कि कमल खिले और भगवा लहराए। आजादी के 75 वर्ष बीत गए। स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को सुवेंदु अधिकारी की सरकार पूरा करेगी। पश्चिम बंगाल के लोग भी मानते हैं कि पीएम मोदी के नेतृत्व में राज्य में तेज बदलाव आएगा।"
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कामाख्या माता के दर्शन के बाद कहा, "हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में आने का अवसर मिला। मैं उन्हें और उनके पूरे मंत्रिमंडल को बधाई देती हूं। असम में पिछले वर्षों में बहुत विकास हुआ है। सभी को विश्वास है कि यह विकास कार्य आगे भी उसी गति से जारी रहेगा। असम अब एक सुरक्षित प्रदेश बन चुका है।"
बंगाल के चुनाव नतीजों पर दीया कुमारी ने कहा, "बंगाल में भाजपा की बहुत बड़ी जीत हुई है। वहां अब विकास और तरक्की का नया दौर शुरू होगा।"
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

